शेरा फिल्म से डेब्यू कर रही धनबाद की जेबा
जेबा ने 2013 में आइएसएल झरिया से इंटरमीडिएट व करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर से ग्रेजुएशन कर रखा है।
धनबाद, जेएनएन। टीवी और बॉलीवुड जगत में धनबाद के सितारे चमक बिखेर रहे हैं। इधर कुछ वर्षो में फिल्मी दुनिया की चकाचौंध में कोयलांचल की प्रतिभा निखरकर सामने आई है। फिर चाहे वह स्वाति सेनगुप्ता हो, मधुरिमा तुली, जीशान कादरी, जावेद पठान, म्यांग चांग, वामिका निधि, सभी बालीवुड में स्थापित हो चुके हैं। इसी कड़ी में एक और नाम जुड़ा है, जेबा नाज। डेलीवुड मिस इंडिया की रनरअप जेबा फिल्म 'शेरा' से बालीवुड में डेब्यू कर रही हैं। जेबा की यह पहली फिल्म है। फिलहाल इसकी शूटिंग में व्यस्त हैं। मनईटाड़ स्थित गजुआटाड़ की रहने वाली जेबा नाज ने 29 जून को मुंबई में हुए डेलीवुड मिस इंडिया 2017 में रनरअप का खिताब अपने नाम किया था। जेबा मिस ईस्ट इंडिया 2016 की विजेता भी रह चुकी हैं।
आइएसएल से की है पढ़ाई: जेबा की फिल्म का पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म के निर्देशक बीएस अली खान हैं। जेबा ने 2013 में आइएसएल झरिया से इंटरमीडिएट व करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर से ग्रेजुएशन कर रखा है। शेरा फिल्म में जेबा नाज मुख्य किरदार में नजर आएंगी। ये फिल्म से अपने फिल्मी दुनिया की सफर शुरू कर रही हैं। बहुत कम समय में यह मुकाम हासिल किया। जेबा ने दैनिक जागरण को फोन पर बताया कि वह एक सुपर मॉडल बनना चाहती है। मॉडलिंग, एक्टिंग में करियर बनाना चाहती है। डेलीवुड मिस इंडिया में रनरअप रहने के बाद म्यूजिक एलबम व एक्टिंग का ऑफर मिल रहा है। अब तो शेरा फिल्म भी कर रही हूं। टी सीरिज से एलबम व टेलीफिल्म से भी ऑफर मिला है। आगे चलकर सुपर मॉडल बनना चाहती हूं। आज मैं जिस मुकाम पर पहुंची हूं उसका श्रेय मेरी मा हसीना खातून को जाता है। उन्होंने काफी सपोर्ट किया। पिता आसिफ हुसैन पेशे से व्यापारी हैं।