धनबाद जिला परिषद की 124 दुकानें होंगी नीलाम, कम किराए पर मिलेगा व्यापार का मौका
धनबाद जिला परिषद अपनी आय बढ़ाने के लिए तोपचांची, पुटकी, निरसा और बाघमारा की 124 दुकानों की नीलामी कर रहा है। इच्छुक व्यक्ति शनिवार तक आवेदन कर सकते हैं

धनबाद जिला परिषद। (फाइल फोटो)
HighLights
जिला परिषद धनबाद 124 दुकानों की नीलामी करेगा।
दुकानें तोपचांची, पुटकी, निरसा, बाघमारा में स्थित हैं।
किराया प्रति माह 500 से 1100 रुपये निर्धारित है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। जिला परिषद धनबाद आय बढ़ाने के लिए अपनी दुकानों को नीलाम करने की घोषणा की है। इसके तहत तोपचांची, पुटकी, निरसा और बाघमारा की 124 दुकानों को नीलाम किया जाएगा। यह नीलामी डाक के माध्यम से होगी।
नीलामी डाक में भाग लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति शनिवार तक अपना आवेदन जिला परिषद धनबाद के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके बाद 24 व 25 सितंबर को इन दुकानों की नीलामी की जाएगी।
बहुत कम किराए पर मिलेंगी दुकानें
जिला परिषद ने अलग-अलग क्षेत्रों की दुकानों के लिए किराया निर्धारित किया है। जो बाजार मूल्य से काफी कम है। तोपचांची से गोमो जाने वाली सड़क पर स्थित 14 दुकानों के लिए प्रति दुकान प्रति माह किराया 1100 रुपये है।
इसी प्रकार से कोटालअड्डा की सात दुकानों का प्रति माह किराया 900 रुपये, तोपचांची थाना के बगल की चार दुकानों का 1000 रुपये, पुटकी से जामाडोबा सड़क पर स्थित 10 दुकानों का 13 रुपये प्रति वर्ग फीट, निरसा हटिया स्थित दो दुकानों का 100 रुपये, बाघमारा से कतरास व मलकेरा पथ पर स्थित 75 दुकानों एवं फुलारीटांड की चार दुकानों के लिए 500 रुपये प्रति माह, बाघमारा बांस कपुरिया की छह और पासीटांड के सात दुकानों का प्रति माह प्रति दुकान किराया 600 रुपये रखा गया है।
लगानी होगी बोली
जिला परिषद के अनुसार नीलामी में भाग लेने वालों को दुकान का आवंटन प्राप्त करने के लिए बोली लगानी होगी। डाक की यह बोली किराए पर लगाई जाएगी। जिसकी सबसे उच्चतम बोली होगी उसे दुकान आवंटित किया जाएगा। इसके साथ ही दुकान लेने वाले को सुरक्षित जमा राशि भी देनी होगी।
