SNMMCH में गूंजीं तीन किलकारियां, खुशियों के बीच एक नवजात की मौत से छाया मातम
Dhanbad News: धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में एक प्रसूता ने एक साथ तीन बच्चों-दो बेटियों और एक बेटे-को जन्म दिया।

SNMMCH धनबाद में एक महिला ने तीन बच्चों को दिया जन्म। (फोटो सौजन्य)
जागरण संवाददाता, धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH Dhanbad) में मंगलवार को एक साथ तीन किलकारियां गूंजीं तो परिवार की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। प्रसूता ने दो बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया। तीन नन्हीं जिंदगियों के आगमन से अस्पताल का माहौल भी खुशी से भर उठा।
मगर यह खुशी ज्यादा देर कायम नहीं रह सकी। जन्म के कुछ ही देर बाद एक नवजात की मौत हो गई। देखते ही देखते तीन किलकारियों की खुशी मातम में बदल गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
कुसुंडा के खरिकाबाद बस्ती निवासी बबली कुमारी को प्रसव पीड़ा होने पर एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया था। बबली का ससुराल मुकुंदा में है और उनके पति उत्तम रवानी हैं। चिकित्सकों की देखरेख में सुरक्षित प्रसव कराया गया। इस दौरान स्वास्थ्य सहिया यशोदा देवी ने प्रसूता की देखभाल और सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉक्टरों ने बताया कि तीनों नवजात सामान्य से थोड़े कमजोर हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल के एनआईसीयू वार्ड में वार्मर पर रखकर विशेष चिकित्सा निगरानी में रखा गया। तीनों बच्चों में एक की मौत हो गई। वहीं प्रसूता बबली कुमारी का स्वास्थ्य भी पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है।
एक बच्चे की मौत के बाद SNMMCH के चिकित्सक चिंतित हो उठे। दोनों बच्चों की बेहतल देख-भाल के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- एमबीबीएस की पढ़ाई बीच में छोड़ने पर 20 लाख का जुर्माना, मेडिकल कॉलेजों में नया नियम लागू
यह भी पढ़ें- एमडीआर टीबी मरीज की पोषण राशि में सेंध, बिहार के युवक के खाते में पहुंचा पैसा
