Dhanbad Weather Forecast: 15 मई तक धूप-छांव के बीच मौसम बदलता रहेगा रंग, इस दिन से चढ़ेगा पारा
Jharkhand Dhanbad Weather Forecast मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के मध्य हिस्से के उत्तरी भाग में साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ है। इसके बादल झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर असम तक फैले हुए हैं। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ से आने वाले बादल की सक्रियता भी बढ़ी हुई है।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Dhanbad Weather Forecast मौसम के बदले मिजाज की वजह से मई के पहले हफ्ते में गर्मी का सामना नहीं करना पड़ा। मौसम सुहाना रहा और गर्मी से राहत मिल गई। अगले 15 मई तक धूप छांव के बीच मौसम का मिजाज बदलते रहने की संभावना है। इस दौरान एकाएक मौसम बदलने और बादल गरजने के साथ आंधी बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग में सोमवार से पारा में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। सोमवार को 33 से बढ़कर धनबाद का अधिकतम तापमान 36 तक पहुंच सकता है। मंगलवार से इसमें और बढ़ोतरी होने के आसार है और अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि इस बीच मौसम बदलने से तापमान में फिर कमी आ जाएगी।
झारखंड के कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के मध्य हिस्से के उत्तरी भाग में साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ है। इसके बादल झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर असम तक फैले हुए हैं। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ से आने वाले बादल की सक्रियता भी बढ़ी हुई है। इन दोनों सिस्टम के सक्रियता की वजह से मौसम में बदलाव आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के बादल हिमालय की ओर से आ रहे हैं जिस वजह से मौसम में ठंडक का अहसास हो रहा है। शनिवार को भी राज्य के कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। कई दिनों तक राज्य में मौसम का मिजाज बदले रहने के आसार हैं।
- 11 मई तक का संभावित तापमान
- शनिवार अधिकतम 33 न्यूनतम 21
- रविवार अधिकतम 33 न्यूनतम 21
- सोमवार अधिकतम 36 न्यूनतम 22
- मंगलवार अधिकतम 39 न्यूनतम 23