धनबाद के पड़ोस में कहर ढा रही सर्दी, माैसम में बड़े उलटफेर के आसार; पढ़ें-ताजा अपडेट
Dhanbad Weather Forecast मौसम विभाग के अनुसार 22 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्से में हल्की वर्षा भी देखी जा सकती है। 23 जनवरी को भी कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान है। बारिश के बाद ठंड और बढ़ सकती है।
जागरण संवाददाता,धनबाद। जनवरी के तीसरे सप्ताह की शुरुआत के साथ ही ठंड में काफी बढ़ोतरी हो गई है। सुबह देर तक कोहरा छा रहा है। दिन चढ़ने के साथ धूप भी खिल रही है और शाम ढलते ही मौसम में ठंडक बढ़ जा रही है। रात का तापमान बेहद सर्द हो रहा है। मंगलवार की देर रात का तापमान काफी सर्द रहा। बर्फीली हवाओं ने शीतलहरी का एहसास कराया। मौसम विभाग के अनुसार धनबाद का रात का तापमान 8 डिग्री पर था। अगले कई दिनों तक 8 डिग्री पर ही रहने की संभावना है। अगले सप्ताह से मौसम में बदलाव के आसार हैं। धनबाद से सटे बोकारो जिले में ठंड और ज्यादा सितम ढा रही है। बोकारो का तापमान 6 डिग्री पर पहुंच चुका है। ठंड और शीतलहरी से हर कोई परेशान है।
पहाड़ों पर बर्फबारी का झारखंड में दिख रहा असर
मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का प्रभाव धनबाद, बोकारो समेत राज्य के ज्यादातर हिस्से में दिख रहा है। अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। 21 जनवरी से हिमालय के उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने से 22 जनवरी या उसके आसपास से मौसम में बदलाव का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के बादल इस और आने से मौसम में बदलाव होगा। बादलों की आवाजाही से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी भी हो सकती है।
ठंड के बीच बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 22 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्से में हल्की वर्षा भी देखी जा सकती है। 23 जनवरी को भी कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान है। बारिश के बाद ठंड और बढ़ सकती है। मक्रर संक्रांति से पहले भी बारिश हुई थी। माैसम में इस बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है। बेमौसम की बारिश की चेतावनी ने लोगों की चिंताएं बढ़ी दी हैं।