Dhanbad Weather Update: रातभर बरसे हिमालय के बदरा, ब्रेक के बाद फिर झमाझम बारिश
Dhanbad Weather Update एक जून से 20 जुलाई के बीच धनबाद में होने वाली सामान्य बारिश में कमी आयी है। सामान्य बारिश का अनुपात 425.4 एमएम होना चाहिए जो अब तक 364.2 एमएम है।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड के आसमान से हिमालय के बादल गुजर रहे हैं। इसका असर दिख रहा है। सोमवार को रात भर धनबाद में बदरा बरसे। तड़के बारिश थम गई। सुबह फिर से आसमान में बादल उमड़-घुमड़ करने लगे। दोपहर होते-होते झमाझम बारिश शुरू हुई। धनबाद और इसके आस-पास के जिलों में झमाझम बारिश हुई। इससे माैसम तर हो गया। माैसम विभाग ने बारिश के साथ ही वज्रपात की चेतावनी दी है। वज्रपात के मद्देनजर एहतियात बरतने को कहा गया है।
धनबाद, बोकारो,गिरिडीह जामताड़ा व देवघर में अगले दो-तीन घंटे के दौरान मध्यम दर्जे के गर्जन के साथ बारिश की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम को देखते हुए सतर्क रहने का आग्रह किया है। सुरक्षित स्थानों में शरण लेने, पेड़ के नीचे खड़े न रहने, बिजली के खंभों से दूर रहने और किसानों को खेत में ना जाने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, मानसून के बादल हिमालय की ओर बढ़ रहे हैं। हिमालय के तराई इलाकों में इस वजह से भारी बारिश हो रही हैं। बिहार से सटे होने के कारण धनबाद और आसपास के हिस्सों में कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इस बारे में मानसून एक्सपर्ट डॉ एसपी यादव ने बताया कि मानसूनी बादल अरब सागर की ओर से आने के कारण आमतौर पर तापमान बढ़ता है। पर वर्तमान में इस ओर आने वाले बादल हिमालय की ओर से आ रहे हैं। इस वजह से पर्यावरण में ठंडक बना हुआ है।
धनबाद में अब तक 14 फीसद कम बारिश
एक जून से 20 जुलाई के बीच धनबाद में होने वाली सामान्य बारिश में कमी आयी है। सामान्य बारिश का अनुपात 425.4 एमएम होना चाहिए जो अब तक 364.2 एमएम है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बारिश में 14 फीसद की गिरावट आई है।
- शुक्रवार तक का संभावित तापमान
- मंगलवार अधिकतम 35 न्यूनतम 26
- बुधवार अधिकतम 33 न्यूनतम 25
- गुरुवार अधिकतम 32 न्यूनतम 25
- शुक्रवार अधिकतम 32 न्यूनतम 26