Dhanbad Weather Update: हवा की बदली दिशा ने बदला मौसम, 2-3 डिग्री तक चढ़ा पारा, इस हफ्ते कम रहेगी ठंड
शहर में पिछले हफ्ते से मौसम में उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। पश्चिमी विक्षोभ की बर्फीली हवा और बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सरकुलेशन के साथ हवाओं की बदली दिशा ने सर्दी का असर कम कर दिया है। तापमान में दो से तीन डिग्री तक वृद्धि भी हो गई है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: शहर में पिछले हफ्ते से मौसम में उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। पश्चिमी विक्षोभ की बर्फीली हवा और बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सरकुलेशन के साथ हवाओं की बदली दिशा ने सर्दी का असर कम कर दिया है। तापमान में दो से तीन डिग्री तक वृद्धि भी हो गई है। 11-12 डिग्री तक पहुंचा धनबाद का तापमान 13-14 डिग्री तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस हफ्ते तापमान में बढ़ोतरी बना रह सकता है। मौसम में उतार-चढ़ाव का यह दौर अगले कई दिनों तक जारी रहेगा। दिसंबर के दूसरे हफ्ते से मौसम में बदलाव और सर्दी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम के जानकार बता रहे हैं कि इन दिनों बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सरकुलेशन बना हुआ है। इससे बादलों की आवाजाही जारी है। खाड़ी के बादल पश्चिमी विक्षोभ कि ठंडी हवाओं से मिल गए हैं। यही वजह है कि ठंड में थोड़ी कमी आई है। बादलों की आवाजाही थमते ही ठंड असर दिखाना शुरू करेगी।
सुबह छाएगा कोहरा, दोपहर से मौसम साफ
नवंबर की शुरुआत के साथ ही कोहरा छाने लगा है। सुबह देर तक कोहरा छा रहा है। दिन चढ़ने पर आसमान साफ और मौसम शुष्क हो रहा है। सुबह देर तक कोहरा छाने का दौर अभी जारी रहेगा। दिन में तेज धूप नहीं खिलेगी।
पड़ोसी जिलों का भी बढ़ा तापमान
धनबाद के साथ-साथ इससे सटे पड़ोसी जिलों के तापमान में भी बढ़ोतरी हो गई है। गिरिडीह जिले का न्यूनतम तापमान फिलहाल 13 डिग्री सेल्सियस पर है। जामताड़ा का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री है। उत्तर पूर्व के अन्य जिलों की बात करें तो देवघर का तापमान 13 डिग्री, दुमका का 14 डिग्री, गोड्डा का 13 डिग्री, पाकुड़ का 13 डिग्री और साहिबगंज का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री पर पहुंचा है। पिछले दिनों ठंड का असर बढ़ने से इन जिलों का न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री तक पहुंच गया था।