Dhanbad Weather Report: 6 डिग्री चढ़ा पारा, मौसम का मिजाज बदलने बंगाल की खाड़ी में फिर सक्रिय हो रहा लो प्रेशर
मौसम की तल्खी ज्यादा दिनों तक रहने की संभावना नहीं है क्योंकि बंगाल की खाड़ी में बादलों का समूह सक्रिय हो गया है। 20 सितंबर तक खाड़ी में एक बार फिर लो प्रेशर जन्म लेने की पूरी संभावना बन रही है।
जागरण संवाददाता, धनबाद : कई दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश से तापमान में नरमी रही और गर्मी के तेवर कम रहे। दिन का तापमान 29-30 डिग्री के आसपास पहुंच गया। दिनभर बादल छाए रहने और फुहारें बरसने से सुहाने मौसम का एहसास हुआ। अब दो-तीन दिनों से बारिश कम होने और धूप खिलते ही पारा चढ़ने लगा है। तापमान में छह डिग्री तक की बढ़ोतरी हो गई है। रविवार को दिन का तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया है। बारिश न होने से तापमान चढ़ा रहेगा जिससे उमस भरी गर्मी बढ़ेगी। हालांकि आज भी धूप-छांव की आवाजाही जारी है। कुछ जगहों पर आज भी मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम की तल्खी ज्यादा दिनों तक रहने की संभावना नहीं है क्योंकि बंगाल की खाड़ी में बादलों का समूह सक्रिय हो गया है। 20 सितंबर तक खाड़ी में एक बार फिर लो प्रेशर जन्म लेने की पूरी संभावना बन रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों के अंदर लो प्रेशर बनने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर का असर बंगाल के साथ-साथ उससे सटे झारखंड में भी दिख सकता है। 19 से 21 सितंबर तक राज्य के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 20 सितंबर को राज्य के उत्तर पूर्वी भागों में कुछ जगहें पर भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है। उत्तर पूर्व जिलों में ही धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका गोड्डा, पाकुड और साहिबगंज आते हैं। इसके बाद 22 सितंबर को पूरे राज्य में बारिश के आसार हैं।
दूसरी ओर, मानसून के अध्ययनकर्ता डा. एसपी यादव का कहना है कि अब लौटने वाले मानसून के बारिश ऐसे ही बारिश कराते रहेंगे। इस अवधि में बंगाल की खाड़ी में चक्रवात आने की भी संभावना बढ़ जाती है। तापमान में बढ़ोतरी होना इसके संकेत है।