Dhanbad Weather: दुर्गोत्सव का मजा किरकिरा कर सकती है बारिश, पांच अक्टूबर तक बिगड़ा रहेगा मौसम का मिजाज
सुबह से धूप-छांव की लुकाछिपी के बाद फुहारें अब शुरू हो गई हैं। शहर के अलग-अलग हिस्से में रुक रुक कर बारिश हो रही है। कहीं एकाएक जोरदार बारिश हो रही है तो कहीं हल्की फुहारें भी बरस रही हैं। मौसम बदलने का सिलसिला अभी जारी रहने का अनुमान है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: सुबह से धूप-छांव की लुकाछिपी के बाद फुहारें अब शुरू हो गई हैं। शहर के अलग-अलग हिस्से में रुक रुक कर बारिश हो रही है। कहीं एकाएक जोरदार बारिश हो रही है तो कहीं हल्की फुहारें भी बरस रही हैं। मौसम के मिजाज बदलने का सिलसिला अभी जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले कुछ देर में धनबाद के साथ बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा समेत राज्य के ज्यादातर हिस्से में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।
एक अक्टूबर से बंगाल की खाड़ी में बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन से मौसम का मिजाज और बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग से जारी अपडेट में बताया गया है कि 29 और 30 सितंबर को राज्य के कई हिस्से में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इसके बाद एक अक्टूबर से बारिश की संभावना और बढ़ेगी। दो और तीन अक्टूबर को राज्य के लगभग सभी स्थानों में बारिश होगी। चार और पांच अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश के संकेत मिल रहे हैं। इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात का भी खतरा बना रह सकता है। एक अक्टूबर को षष्ठी है। दो से पांच अक्टूबर तक दुर्गापूजा है। इस दौरान बारिश उत्सव का मजा किरकिरा सकती है।
तापमान में भारी गिरावट की जताई गई संभावना, 26 डिग्री तक पहुंचेगा दिन का पारा
मौसम के रंग बदलने से तापमान में भारी गिरावट की संभावना जताई गई है। गुरुवार को दिन का तापमान 33 डिग्री है। तीन अक्टूबर तक दिन का तापमान नौ डिग्री लुढ़क कर 26 डिग्री तक पहुंचने क अनुमान है। रुक रुक कर होनेवाली बारिश से तापमान में गिरावट के आसार हैं। हालांकि रात के तापमान में कोई परिवर्तन नहीं होगा।
अब तक 31 फीसद कम बारिश
धनबाद में मानसूनी बारिश के आंकड़े पर गौर करें तो अब तक यहां सामान्य से 31 फीसद कम बारिश का रिकार्ड दर्ज किया गया है। एक जून से 29 सितंबर तक 1076.1 मिलीमीटर की तुलना में यहां 738 मिलीमीटर बारिश हुई है।