Dhanbad Weather Forecast: दिनभर गरजन के बाद मौसम ने ली करवट, रात में हुई झमाझम बारिश से लोगों को राहत
Dhanbad Weather Forecast जिले में पिछले तीन चार दिनों की गर्मी के बाद गुरुवार की रात में जमकर बारिश हुई जिससे शुक्रवार की सुबह लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Weather Forecast जिले में पिछले तीन चार दिनों की गर्मी के बाद गुरुवार की रात में जमकर बारिश हुई, जिससे शुक्रवार की सुबह लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। हांलाकि, गुरुवार को दिन भर बादलों की आवाजाही के साथ ही आसमान दहाड़ते रहा। इस दौरान कई जगह आसमानी बिजली भी गिरी। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के 18 जिलों में गर्जन के साथ हल्के व माध्यम दर्जे की बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई थी। इस दौरान धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, गुमला, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, साहेबगंज जिले के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात और मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव हिमालय की ओर बढ़ रहे मानसूनी बादलों की वजह से आया है। मानसूनी बादल हिमालय के नजदीक से गुजर रहे हैं और उत्तर पूर्व की ओर जा रहे हैं। हिमालय की ओर के बादल इस ओर भी आ रहे हैं जिससे यहां की आबोहवा बदल गई है। 20 सितंबर से बंगाल की खाड़ी के उत्तर पूर्व हिस्से में लो प्रेशर सक्रिय होने का अनुमान है। इस वजह से 19 से ही धनबाद और आसपास अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है। वहीं, गुरुवार तब धनबाद में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक हो गया था। उमस भी हो रही थी। मगर अब अगले दो से तीन दिन तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है।
धनबाद में रोज एक फीसद गिर रहा बारिश का ग्राफ : धनबाद में बारिश का ग्राफ अब भी कम ही है। यहां हर रोज बारिश का ग्राफ एक प्रतिशत गिर रहा है। आंकड़ों के अनुसार, एक जून से 17 सितंबर तक धनबाद में होनेवाली सामान्य बारिश में 21 फीसद तक की कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़े के अनुसार, सामान्य बारिश का अनुपात 993.5 एमएम होना चाहिए जो अब तक 784.4 एमएम ही है। इससे पहले उम्मीद की जा रही थी कि बाद में बारिश होने से इसमें कमी आएगी।
सोमवार तक का धनबाद का संभावित तापमान
- शुक्रवार- अधिकतम 33, न्यूनतम 26
- शनिवार- अधिकतम 33, न्यूनतम 25
- रविवार- अधिकतम 33, न्यूनतम 25
- सोमवार- अधिकतम 31, न्यूनतम 24