धनबाद में 16 अगस्त तक बारिश के साथ वज्रपात का खतरा, यलो अलर्ट जारी; बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर का असर
Jharkhand weather Alert: बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने से झारखंड के कई हिस्सों में 17 अगस्त तक बारिश की संभावना है।

बारिश का आनंद लेतीं छात्राएं। (फाइल फोटो)
HighLights
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना।
धनबाद में आज बिजली गिरने का अत्यधिक खतरा।
13 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Dhanbad Rain Alert: झारखंड के धनबाद और इसके आसपास के जिलों का माैसम लगातार बदल रहा है।धूप-छांव की आंख मिचौनी के बीच मंगलवार को धनबाद के के अलग-अलग हिस्से में आंधी और गर्जन के साथ बारिश हुई। कहीं तेज बारिश ताे कहीं हल्की फुहारें पड़ीं।
वहीं, बुधवार को बारिश नहीं हुई लेकिन उमस का सामना करना पड़ा। माैसम विभाग के अनुसार आंधी-बारिश की गतिविधि अगले कई दिनों तक जारी रहने के आसार हैं। 17 अगस्त तक बारिश की गतिविधि जारी रह सकती है।
13 से 15 अगस्त के दौरान कुछ भागों में भारी वर्षा का अनुमान (Heavy Rain Forecast) है। बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने का अत्यधिक खतरा हो सकता है। मध्यम से लेकर जबरदस्त बिजली कड़कने की गतिविधि होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवातीय घेरा बना हुआ है। इसके प्रभाव से बुधवार को खाड़ी में लो प्रेशर जन्म ले सकता है। इससे अगले कई दिनों में गर्जन के साथ आंधी-बारिश की संभावना है। आंधी और गर्जन को लेकर 16 अगस्त तक यलो अलर्ट जारी किया गया है।
आंधी-बारिश से तीन डिग्री तक लुढ़केगा तापमान
हल्की बारिश और बंगाल की खाड़ी से आनेवाले गर्म भाप वाले बादलों के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। अगले एक-दो दिन इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। बारिश की गतिविधि में बढ़ोतरी से अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है।
