विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हावड़ा मेल से राजधानी तक फुल: छठ से पहले धनबाद लौटने वालों को टिकट नहीं, स्पेशल ट्रेनों का इंतजार

Published: Wed, 09 Sep 2026 09:25 PM (IST)

दिवाली और छठ से पहले बड़े शहरों से धनबाद वापसी की ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं, जिससे यात्रियों ...और पढ़ें

हावड़ा मेल से राजधानी तक फुल: छठ से पहले धनबाद लौटने वालों को टिकट नहीं

हावड़ा मेल से राजधानी तक फुल: छठ से पहले धनबाद लौटने वालों को टिकट नहीं

HighLights

  1. दिवाली-छठ से पहले ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल।

  2. एलटीटी-धनबाद, मुंबई मेल जैसी ट्रेनें पूरी तरह फुल।

  3. यात्री अब त्योहारी स्पेशल ट्रेनों का बेसब्री से इंतजार कर रहे।

जागरण संवाददाता, धनबाद। दिवाली और छठ से पहले घर वापसी की बेताबी दिखने लगी है। बड़े शहरों से वापसी की ट्रेन की बुकिंग खुलते ही सीटें फुल हो रही हैं। कंफर्म टिकट मिलना दूर वेटिंग लिस्ट भी नहीं मिल पा रहा है। चार नवंबर को एलटीटी-धनबाद एक्सप्रेस में नो रूम की स्थिति है।

बुधवार को आठ नवंबर की बुकिंग खुलते ही मुंबई-हावड़ा मेल की सीटें चंद मिनटों में भर गईं। नई दिल्ली से चलने वाली दोनों राजधानी और शकूर बस्ती-धनबाद स्पेशल तक सात नवंबर को फुल हो चुकी हैं।

मौर्य में आठ नवंबर तक वेटिंग लिस्ट, जयनगर समेत अन्य ट्रेनों में भी बुकिंग तेज

धनबाद होकर बिहार जाने वाली ट्रेनों में भी छठ से पहले टिकटों की बुकिंग तेज है। संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस में सात नवंबर की बुकिंग खुलते ही सारी सीटें फुल हो गई हैं।

रांची-गोरखपुर एक्सप्रेस में भी छह नवंबर की सारी सीटें भर चुकी हैं। राउरकेला-जयनगर, चर्लपल्ली-दरभंगा जैसी ट्रेनों में भी अब गिनती की सीटें ही बची हैं।

यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों का इंतजार

नियमित ट्रेनें फुल होने से अब यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों का इंतजार है। दिल्ली, मुंबई, सूरत, सिकंदराबाद, बेंगलुरु समेत अन्य बड़े शहरों से त्योहारी स्पेशल ट्रेन ही यात्रियों की मुश्किल आसान कर सकती हैं।

सबसे ज्यादा डिमांड बेंगलुरु से धनबाद तक ट्रेन की है। अप्रैल तक चल कर धनबाद-यशवंतपुर स्पेशल बंद हो चुकी है। इस ट्रेन के चलने से बड़ी आबादी को राहत मिल जाएगी।

दो नवंबर को सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस रद

सूरत से चलने वाली सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस दो नवंबर को रद है। ऐसे में सूरत से वापसी के लिए यात्रियों को विकल्प ढूंढ़ना होगा। नौ को चलने वाली ट्रेन में बुकिंग खुलते ही मारामारी की स्थिति रहेगी।

बड़े शहरों से वापसी की ट्रेनों की स्थिति

  • भावनगर टर्मिनस-आसनसोल पारसनाथ एक्सप्रेस में तीन नवंबर को थर्ड व सेकंड एसी में नो रूम, स्लीपर 161 वेटिंग लिस्ट
  • वास्को द गामा-जसीडीह एक्सप्रेस छह नवंबर को बुकिंग खुलते ही स्लीपर से सेकंड एसी तक नो रूम
  • गांधीधाम-हावड़ा गरबा एक्सप्रेस में सात नवंबर को स्लीपर व थर्ड एसी में लंबी वेटिंग लिस्ट, सेकंड एसी में नो रूम
  • कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत में सात नवंबर की सारी सीटें फुल