Dhanbad Weather Forecast: नए साल के जश्न में खलल नहीं डालेगी कड़ाके की ठंड, दो डिग्री तक बढ़ सकता तापमान
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सरकुलेशन के तौर पर जम्मू कश्मीर और उसके आसपास प्रभावी बना हुआ है। इस वजह से धनबाद में फिलहाल सुबह में काफी देर तक कोहरा छाने की स्थिति बनी रहेगी। दिन चढ़ने के साथ धूप भी खिलेगी।
धनबाद, जेएनएन। कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की सर्दी से बुधवार से थोड़ी राहत मिल सकती है। न्यूनतम पारा सात-आठ से बढ़कर 10 से 11 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने इसके संकेत दे दिए हैं। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक धनबाद समेत आसपास के जिलों में भी न्यूनतम और अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी। तापमान बढ़ने से कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। साल 2020 को विदाई देने और नए साल का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे लोगों को ठंड ज्यादा डिस्टर्ब नहीं करेगी। 31 दिसंबर और एक जनवरी को न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सरकुलेशन के तौर पर जम्मू कश्मीर और उसके आसपास प्रभावी बना हुआ है। इस वजह से फिलहाल सुबह में काफी देर तक कोहरा छाने की स्थिति बनी रहेगी। दिन चढ़ने के साथ धूप भी खिलेगी। तापमान में बढ़ोतरी होने की वजह से दिन में शीतलहरी जैसी स्थिति फिलहाल नहीं बनेगी। हालांकि शाम में सर्दी बढ़ जाएगी।
धनबाद जिले में कई पिकनिक स्पॉट हैं। इनमें मैथन डैम, पंचेत डैम, तोपचांची झील और भटिंडा फॉल प्रमुख हैं। यहां नए साल के पहले दिन झारखंडं के साथ ही पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने आते हैं। ठंड कम पड़ने से पिकनिक मनाने वालों के जश्न में खलल नहीं पड़ेगी।
शनिवार तक का संभावित तापमान
- बुधवार अधिकतम 25 न्यूनतम 10
- गुरुवार अधिकतम 26 न्यूनतम 10
- शुक्रवार अधिकतम 26 न्यूनतम 10
- शनिवार अधिकतम 25 न्यूनतम 11