Dhanbad Weather Update: तेवर दिखाने के बाद माैसम हुआ सुहाना, गरज के साथ बरसे बादल
धनबाद शहर बीच स्थित राजेंद्र सरोवर के ऊपर बादल उमड़-घुमड़ रहे हैं। गरज-गरज कर बरस रहे हैं। यह दृश्य देखते ही बन रहा है।
धनबाद, रांची, जेएनएन। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान के गुजर जाने के बाद एक सप्ताह से माैसम तेवर दिखा रहा था। धनबाद कोयलांचल का तापमान 44-45 डिग्री तक पहुंच गया था। अचानक गर्मी बढ़ जाने से लोग परेशान थे। इस परेशानी से माैसम ने राहत दी है। बुधवार सुबह से ही धनबाद का माैसम बदला हुआ है। सुबह से ही आसमान में काले-काले बादलों का डेरा रहा। दोपहर बाद बादल गरजने लगे। बूंदा-बांदी शुरू हुई। इससे माैसम सुहाना हो गया है। तापमान भी गिर गया है। माैसम विशेषज्ञों के अनुसार 30 मई तक माैसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।
कई दिनों तक झुलसाने वाली गर्मी के बाद बुधवार सुबह से ही आसमान को बादलों ने घेर लिया था। दोपहर तक जहां आसमान में बादल छाए रहे वहीं अब जोरदार बादल गरजने के साथ बारिश शुरू हो गई है। मौसम में आए इस बदलाव का असर अगले कई दिनों तक दिखेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 31 मई तक रह रह कर बादल गरजेंगे। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ थम-थम कर बारिश भी हो सकती है। मौसम का मिजाज बदलने से गर्मी से राहत मिली है। इस हफ्ते अधिकतम तापमान 40 डिग्री के नीचे रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री तक पहुंच गया था। इसमें भी गिरावट आ जाएगा।
- रविवार तक का संभावित तापमान
- बुधवार अधिकतम 38 न्यूनतम 29
- गुरुवार अधिकतम 37 न्यूनतम 28
- शुक्रवार अधिकतम 36 न्यूनतम 25
- शनिवार अधिकतम 37 न्यूनतम 27
- रविवार अधिकतम 35 न्यूनतम 26
मौसम पूर्वानुमान के तहत 28 मई को राज्य के मध्य, उत्तर-पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी भाग में, 29 व 30 मई को राज्य के उत्तरी, मध्य व दक्षिण-पूर्वी भाग में, 31 मई व 01 जून को राज्य के मध्य, उत्तरी व दक्षिण-पूर्वी भाग के जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। 28 मई को राज्य के मध्य, उत्तर-पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी जिलों में, 29-30 मई को राज्य के मध्य, उत्तरी व दक्षिण-पूर्वी जिलों में, 31 मई व एक जून को राज्य के मध्य, उत्तरी व दक्षिण-पूर्वी जिलों में कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ गरज व वज्रपात होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 मई को गरज के साथ हल्की बारिश, जबकि 29 व 30 मई को एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। 31 मई को भी गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।