Move to Jagran APP

JSCA Senior Women Cricket Tournament : दुर्गा मुर्मू के शतक से पश्चिमी सिंहभूम को 31 रनों से हराया, सेमीफाइनल में जमशेदपुर से होगा मुकाबला

JSCA Senior Women Cricket Tournament धनबाद जेएससीए सीनियर महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गया जहां शुक्रवार को धनबाद का मुकाबला जमशेदपुर से होगा।

By Sagar SinghEdited By: Published: Wed, 08 Jan 2020 08:32 PM (IST)Updated: Wed, 08 Jan 2020 08:35 PM (IST)
JSCA Senior Women Cricket Tournament : दुर्गा मुर्मू के शतक से पश्चिमी सिंहभूम को 31 रनों से हराया, सेमीफाइनल में जमशेदपुर से होगा मुकाबला
JSCA Senior Women Cricket Tournament : दुर्गा मुर्मू के शतक से पश्चिमी सिंहभूम को 31 रनों से हराया, सेमीफाइनल में जमशेदपुर से होगा मुकाबला

धनबाद, जेएनएन। JSCA Senior Women Cricket Tournament धनबाद जेएससीए सीनियर महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गया है। बुधवार को रांची के मेकॉन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दुर्गा मुर्मू के शानदार शतक की मदद से धनबाद ने पश्चिमी सिंहभूम को 31 रनों से हरा दिया। इस जीत से धनबाद ग्रुप बी में अविजित रहते हुए पहला स्थान हासिल करते हुए सेमीफाइनल में स्थान बना लिया। अब शुक्रवार को होने वाले सेमीफाइनल में धनबाद का मुकाबला जमशेदपुर से होगा।

loksabha election banner

धनबाद ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में छह विकेट पर 235 रन बना लिए। दुर्गा मुर्मू ने 123 गेंदों पर 14 चौके जड़ते हुए 109 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इसके अलावा पुष्पा कुमारी ने 30, सुप्रिया सलोनी ने 19, रीता यादव और सुनीता कुमारी ने 15-15 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। पश्चिमी सिंहभूम की प्रियंका सवाई ने 46 पर तीन, रश्मि गुड़िया ने 45 पर एक और इसरानी सोरेन ने 34 पर एक विकेट चटकाए। 

मैच में बारिश ने डाला खलल : स्लो ओवर रेट की वजह से पश्चिमी सिंहभूम को जीत के लिए 48 ओवर में 236 रन बनाने की चुनौती मिली, लेकिन उसकी पारी के 15वें ओवर में बारिश हो गई। उस समय पश्चिमी सिंहभूम का स्कोर दो विकेट पर 67 रन था। मैच जब फिर शुरू हुआ तो पश्चिमी सिंहभूम को जेएससीए टारगेट स्कोर मेथड के तहत 29 ओवर में 157 रन बनाने का नया लक्ष्य मिला। हालांकि जब 27वें ओवर में जब खराब मौसम की वजह से मैच रुका तो पश्चिमी सिंहभूम की टीम 27 ओवर में सात विकेट पर 117 रन ही बना सकी थी। इसके बाद जेएससीए मेथड के तहत धनबाद को 31 रनों से विजेता घोषित कर दिया गया। 

दुर्गा मुर्मू चुनी गईं प्लेयर ऑफ द मैच : पश्चिमी सिंहभूम के लिए प्रियंका सवाई ने 37, रश्मि गुड़िया ने 36, अनामिका कुमारी ने 14 रन बनाए। धनबाद के लिए शतक जड़ने वाली दुर्गा ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 30 पर दो विकेट चटकाए। वहीं शिफा हसन ने 12 पर दो विकेट लिए। चांदनी कुमारी, अनीता मांझी और रूमा कुमारी महतो को एक-एक विकेट मिला। गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने वाली दुर्गा मुर्मू को प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। उन्हें ऑब्ज़र्वर अनवर मुस्तफा ने पुरस्कार प्रदान किया।

डीसीए ने आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए दी शुभकामनाएं : धनबाद के सेमीफाइनल में पहुंचने पर डीसीए के सदस्यों ने खुशी व्यक्त की है। धनबाद की जीत पर टीम के सभी सदस्यों को डीसीए के अध्यक्ष मनोज कुमार, महासचिव विनय कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने बधाई दी है और आगे के मैचों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए अपनी शुभकामनाएं दी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.