धनबाद स्टेशन पर 205 स्मार्टफोन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली से मालदा ले जा रहे थे मोबाइल
Dhanbad News:धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, सीआइबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत दो तस्करों को ...और पढ़ें

बरामद मोबाइल और तस्करों के साथ धनबाद आरपीएफ, जीआरपी और सीआइबी की टीम।
HighLights
धनबाद में 205 स्मार्टफोन के साथ दो तस्कर पकड़े गए।
बरामद मोबाइलों की कीमत 35 लाख रुपये से अधिक है।
दिल्ली से मालदा ले जाकर IMEI बदलने की थी योजना।
जागरण संवाददाता, धनबाद। आरपीएफ, सीआइबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने आपरेशन सतर्क के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 205 स्मार्टफोन बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 35,48,146 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी राज शेख और मो. सबीब जहान के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ये मोबाइल दिल्ली के लोनी गोलचक्कर से लेकर आ रहे थे और इन्हें मालदा के कालियाचक पहुंचाना था।
वहां उबई नामक व्यक्ति इन मोबाइलों का आइएमइआइ नंबर तकनीकी रूप से बदल देता था, ताकि इन्हें पकड़ा न जा सके। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले कई महीनों से इस धंधे में शामिल हैं और अब तक हजारों मोबाइल दिल्ली से बंगाल सप्लाई कर चुके हैं।
यह गिरफ्तारी प्लेटफार्म संख्या पांच पर उस समय हुई जब दोनों संदिग्ध अवस्था में ट्रेन पकड़ने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास मौजूद चार बैगों से ये सभी हैंडसेट बरामद किए।
घटना के संबंध में धनबाद रेल थाना में कांड संख्या 28/26 के तहत मामला दर्ज कर आगे की छानबीन की जा रही है। इस सफल अभियान में आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश और उनकी पूरी टीम की अहम भूमिका रही।
