विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में सात साल में 1500 क्विंटल चावल पचा गए सहायक गोदाम प्रबंधक, तबादले के बाद खुला राज; जांच समिति गठित

Published: Wed, 26 Aug 2026 02:07 PM (IST)

Dhanbad Rice Scamः धनबाद के बाघमारा स्थित सरकारी गोदाम से करीब 1500 क्विंटल चावल गायब हो गए हैं, जिसकी कीमत 40-45 लाख रुपये है।

धनबाद के बाघमारा स्थित गोदाम से 1500 क्विंटल चावल गायब। (प्रतीकात्मक फोटो)

धनबाद के बाघमारा स्थित गोदाम से 1500 क्विंटल चावल गायब। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. धनबाद गोदाम से 1500 क्विंटल चावल गायब मिले।

  2. सहायक प्रबंधक बिनोद विद्यार्थी पर चावल बेचने का आरोप।

  3. मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित।

बलवंत कुमार, जागरण, धनबाद। झारखंड के धनबाद में खाद्यान्नों की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी जिस अधिकारी को सौंपी गई थी, उसी पर सरकारी अनाज को बाजार में बेचने का गंभीर आरोप लगा है।

बाघमारा प्रखंड स्थित झारखंड स्टेट फूड एंड सिविल सप्लाई कारपोरेशन लिमिटेड (जेएसएफएसएससीएल) के गोदाम से करीब 1500 क्विंटल चावल गायब मिलने के बाद हड़कंप मच गया है।

आरोप है कि सहायक गोदाम प्रबंधक बिनोद कुमार विद्यार्थी ने चावल को बाहर के बाजार में बेच दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

यह है मामला

बाघमारा स्थित जेएसएफएसएससीएल के गोदाम में विभिन्न प्रकार के राशनकार्डधारियों को वितरण किया जाने वाला चावल रखा जाता है। यह वह चावल है जो राज्य सरकार उचित लाभूकों के बीच जनवितरण प्रणाली दुकानों के माध्यम से वितरण करती है।

अगस्त के पहले सप्ताह में यहां के सहायक गोदाम प्रबंधक बिनोद कुमार विद्यार्थी का स्थानांतरण किया गया। नए सहायक गोदाम प्रबंधक के रूप में शेखर प्रसाद महतो ने योगदान दिया। महतो ने जब स्टाक की जांच की तो उनके होश उड़ गए।

रिकार्ड के अनुसार गोदाम से करीब 1500 क्विंटल चावल नदारद थे। जिसकी कीमत 40 से 45 लाख रुपये है। इसके बाद मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई और उसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम धनबाद पंकज कुमार के स्तर से जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया और कमेटी से पांच दिनों के अंदर रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया है।

गोदाम में की गई थी चक्रव्यू रचना

चावल की गड़बड़ी को छुपाने के लिए बाघमारा के गोदाम में एक चक्रव्यू बनाया गया था। चावल के बोरों को चौकोर आकार में रखा गया था, लेकिन बीच का पूरा भाग खाली था।

यानी यदि कोई अधिकारी सामने से देखे तो उसे चारों तरफ व उपर से नीचे तक केवल चावल के बोरे ही दिखाई दें। नए सहायक गोदाम प्रबंधक ने प्रभार तो ले लिया, लेकिन पूर्व के अधिकारी विद्यार्थी की चालाकी को नहीं समझ पाए।

सात सालों से सहायक गोदाम प्रबंधक थे विद्यार्थी

बाघमारा के जेएसएफएसएससीएल गोदाम में बिनोद कुमार विद्यार्थी करीब सात सालों से पदस्थापित थे। लंबे समय के बाद उनका स्थानांतरण किया गया था।

गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद गोदाम कर्मचारियों से लगातार तीन दिनों तक चावल के बोरों को एक अलग तरीके से रखवाया गया था। इधर जांच के बाद बाजार से चावल खरीद स्टाक पूरा करने की बात सामने आ रही है।

जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित

मामले की जांच के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी के स्तर से जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इसमें पणन पदाधिकारी धनबाद अरुण कुमार दास और सहायक गोदाम प्रबंधक कांड्रा जयदीप कुमार गिरी को जिम्मेवारी दी गई है।

जांच के दौरान सहायक गोदाम प्रबंधक बाघमारा शेखर प्रसाद महतो के साथ ही पूर्व सहायक गोदाम प्रबंधक बिनोद कुमार विद्यार्थी को भी उपस्थित रहने का आदेश दिया गया है।