विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में बारिश का कहर: मिट्टी की दीवार गिरने से मजदूर की मौत, परिवार बेसहारा

Published: Sat, 26 Sep 2026 03:30 PM (IST)

भारी बारिश के कारण धनबाद के कालूबथान में एक मिट्टी के मकान की दीवार ढह गई, जिससे 50 वर्षीय रूपलाल ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. भारी बारिश से कालूबथान में मिट्टी की दीवार ढही।

  2. मलबे में दबने से 50 वर्षीय रूपलाल किस्कू की मौत।

  3. मुखिया ने परिवार को मुआवजा व सरकारी योजनाओं का आश्वासन दिया।

संवाद सूत्र, कालूबथान (धनबाद)। कालूबथान ओपी क्षेत्र के लखियाबाद आदिवासी टोला में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। भारी बारिश के कारण एक मिट्टी के मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।

मलबे में दबने से 50 वर्षीय रूपलाल किस्कू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर रूपलाल को बाहर निकाला।

ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नजदीकी निजी नर्सिंग होम पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें धनबाद रेफर कर दिया। परिजन उन्हें धनबाद एसएनएमएमसीएच लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही रूपलाल ने दम तोड़ दिया।

रूपलाल दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत से पत्नी सुकुरमुनी किस्कू और दो बेटों मंतोष व सुखदेव पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही जमकुदर पंचायत के मुखिया हरिपद टुडू मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने आपदा विभाग से मुआवजा दिलाने के साथ विधवा पेंशन और सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें- पापा, मुझे बचा लो...गुमला की बेटी RIMS में हार गई जिंदगी की जंग, करमा नाच देखने गई मासूम से हैवानियत