रेलकर्मियों ने पैसे बचाकर बनवाया मंदिर, जयपुर से लाई प्रतिमा; अब वहीं बाबा विश्वकर्मा की पूजा
Vishwakarma Puja 2026: धनबाद कोचिंग डिपो के कैरेज एंड वैगन विभाग के रेलकर्मियों ने अपने वेतन से पैसे बचाकर परिसर में भगवान विश्वकर्मा का भव्य मंदिर बनवाया है।

जयपुर से मंगाई गई बाबा विश्वकर्मा की प्रतिमा। (फोटो साैजन्य)
HighLights
रेलकर्मियों ने वेतन बचाकर विश्वकर्मा मंदिर का निर्माण किया।
जयपुर से लाई गई सफेद संगमरमर की भव्य प्रतिमा स्थापित।
इस वर्ष 16 जुलाई को हुई प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Vishwakarma Puja 2026: पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद कोचिंग डिपो में कैरेज एंड वैगन विभाग की ओर से आयोजित होनेवाले भगवान विश्वकर्मा की पूजा के लिए अब हर साल पंडाल निर्माण नहीं कराना होगा। अब स्थायी मंदिर में बाबा विश्वकर्मा की पूजा होगी। 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा है।
रेल कर्मचारियों ने अपने वेतन के पैसे बचाकर कोचिंग डिपो परिसर में भगवान विश्वकर्मा का भव्य मंदिर निर्माण कराया है। उसी पैसे से जयपुर से संगमरमर की सफेद प्रतिमा भी लाई है। भगवान विश्वकर्मा मंदिर में स्थापित हो चुके हैं। इस वर्ष से उसी मंदिर में रेल कर्मचारी पूजा-अर्चना कर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद लेंगे।
नवंबर 2024 से वेतन के पैसे बचा कर कराया मंदिर निर्माण
कैरेज एंड वैगन विभाग के कर्मचारियों ने परिसर में मंदिर निर्माण की योजना वर्ष 2024 में बनाई थी। नवंबर 2024 से आपस में पैसे इकट्ठा करना शुरू किया।
हर माह के वेतन से थोड़े-थोड़े पैसे बचा कर मंदिर निर्माण शुरू कराया। लगभग दो साल में मंदिर बन कर तैयार हो गया। फिर रेलकर्मियों का एक दल जयपुर गया। वहां से सफेद संगमरमर की प्रतिमा ले आये।
रथयात्रा के दिन की गई प्राण प्रतिष्ठा
मंदिर में स्थापित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा इस वर्ष 16 जुलाई को रथ यात्रा के दिन की गई थी। कलश यात्रा के साथ पूरे विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया गया।
