राखी भेजने वालों के लिए खुशखबरी, धनबाद डाकघर में रात 8 बजे तक बुकिंग और विशेष छूट
धनबाद डाक विभाग ने रक्षाबंधन के लिए विशेष व्यवस्था की है, जिसमें अतिरिक्त काउंटर, विस्तारित बुकिंग समय और विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे शामिल हैं।

प्रधान डाकघर धनबाद में रक्षाबंधन को लेकर विशेष व्यवस्था। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
डाकघरों में अतिरिक्त काउंटर और विस्तारित बुकिंग समय की व्यवस्था।
धनबाद प्रधान डाकघर में राखी बुकिंग अब रात 8 बजे तक।
राखी मेल पर स्पीड पोस्ट शुल्क में 10% की विशेष छूट।
जागरण संवाददाता, धनबाद। रक्षाबंधन पर धनबाद डाक विभाग की ओर से विशेष तैयारियां की गई है। राखी सुरक्षित, सुविधाजनक एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे इसके लिए धनबाद मंडल के विभिन्न डाकघरों में ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए काउंटर एवं परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा ग्राहकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं।
साथ ही, प्रमुख डाकघरों में राखी बुकिंग के समय में भी विस्तार किया गया है। लोग अपनी सुविधा के अनुसार राखी की बुकिंग करा सकते हैं। यह सुविधा जिले के सभी डाकघर में उपलब्ध कराई गई है। धनबाद मंडल के प्रधान डाकघर, 81 उप डाकघरों तथा 244 शाखा डाकघरों में राखी बुकिंग की व्यवस्था की गई है।
प्रमुख डाकघरों में राखी बुकिंग के समय में भी विस्तार किया गया है, ताकि लोग अपनी सुविधा के अनुसार राखी की बुकिंग करा सकें। वरिष्ठ डाक अधीक्षक रूपक कुमार सिन्हा ने कहा कि राखी सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर धनबाद मंडल के विभिन्न विद्यालयों में राखी बनाओ और भेजो प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता एवं रचनात्मकता को अभिव्यक्त करने का अवसर मिल रहा है।
10 में विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफा
नागरिकों को राखी भेजने के लिए अपना लिफाफा साथ लाने की आवश्यकता नहीं है। वे केवल अपनी राखी लेकर अपने निकटतम किसी भी डाकघर में आएं, जहां उन्हें भारतीय डाक विभाग का विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफा द्वारा राखी को सुरक्षित एवं आकर्षक तरीके से भेजने के लिए राखी लिफाफा मात्र 10 में उपलब्ध कराया जाएगा।
उसी लिफाफे में राखी रखकर वहीं से स्पीड पोस्ट के माध्यम से बुकिंग कराई जा सकेगी। यह विशेष लिफाफा धनबाद मंडल के संबंधित डाकघरों एवं शाखा डाकघरों में उपलब्ध है।
राखी मेल पर स्पीड पोस्ट शुल्क में 10 प्रतिशत की विशेष छूट
रक्षाबंधन के अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा राखी मेल पर डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जा रही है। यह सुविधा 12 अगस्त 2026 से प्रभावी है। राखी मेल के रूप में बुक किए जाने वाले लिफाफे के सामने राखी मेल स्पष्ट रूप से अंकित होना आवश्यक है। यह विशेष छूट निर्धारित पात्र डाक शुल्क पर लागू होगी।
धनबाद प्रधान डाकघर में विस्तारित बुकिंग समय
ग्राहकों की सुविधा को विशेष प्राथमिकता देते हुए धनबाद प्रधान डाकघर में राखी बुकिंग के लिए काउंटर सुबह 9:00 बजे से रात 8:00 बजे तक संचालित किए जा रहा हैं। इससे लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार विस्तारित समय में राखी की बुकिंग करा सकते हैं।
