धनबाद में अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश नाकाम, हथियार के साथ एक अपराधी गिरफ्तार
धनबाद पुलिस ने अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश को नाकाम करते हुए एक अपराधी आसिफ आलम को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अपराधी के साथ साजिश की जानकारी देते पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था धनबाद प्रकाश सोय और अन्य।
HighLights
अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश धनबाद पुलिस ने की नाकाम।
भूली छठ घाट से अपराधी आसिफ आलम हथियार के साथ गिरफ्तार।
आसिफ का पुराना आपराधिक इतिहास, तीन साथी फरार।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झरिया निवासी अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश को धनबाद पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में शनिवार को भूली आपी अंतर्गत सी ब्लाक के छठ घाट से एक अपराधी आसिफ आलम को गिरफ्तार किया है।
आसिफ के पास से एक पिस्टल और एक गोली भी बरामद की गई है। जबकि आसिफ के तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहे हैं। आसिफ की गिरफ्तारी तब हुई जब वह अपने साथियों के साथ अधिवक्ता जावेद की हत्या करने की योजना बना रहे थे।
पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था धनबाद प्रकाश सोय ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी एवं उसके साथियों द्वारा झरिया निवासी अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश रचे जाने की जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि आधी रात करीब 12 बजे के आसपास अपराधियों के बारे में सूचना मिली थी।
इसी सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया। टीम ने जब छापामारी की तो चारों अपराधी भागने लगे। भागने के क्रम में आसिफ जमीन पर गिर पड़ा। जिसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके तीन अन्य साथी भागने में सफल रहे।
आसिफ की तलाशी में हथियार बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि आसिफ के फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।
तीन थानों में पहले से दर्ज है आनाधिक मामला
सोय ने बताया कि आसिफ का पुराना अपराधिक इतिहास रहा है। आसिफ ईस्ट बसुरिया ओपी अंतर्गत निचितपुर टाउनशिप, शिव मंदिर के पास का रहने वाला है और उसकी उम्र 23 साल है।
इसके खिलाफ वर्ष 2021 में चिरकुंडा थाना में बंधक बनाकर मारपीट और चोरी करने को लेकर प्राथमिकी हुई थी। इसी प्रकार से वर्ष 2023 में बैंक मोड़ थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी रंगदारी वसूलने, जान से मारने की धमकी देने और आर्म्स एक्ट को लेकर हुई थी।
हत्या की साजिश नाकाम, हथियार के साथ अपराधी गिरफ्तार
— Dhanbad Police (@dhanbadpolice) September 12, 2026
भूली ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर आसिफ आलम (23) को देशी कट्टा, जिंदा कारतूस व मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में झरिया निवासी अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। 3 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। pic.twitter.com/7Sl57G8KbN
