यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 27, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Wasseypur के स्वयंभू छोटे सरकार पर पुलिस ने कसा शिकंजा, सहयोगी के साथ भाई लगा हाथ; अब प्रिंस की बारी
Dhanbad News नन्हे अंसारी हत्याकांड में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या की जिम्मेवारी लेने वाला वासेपुर का ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले में बहुचर्चित Wasseypur के डान के नाम से मशहूर फहीम खान को चुनाती देकर खुद को वासेपुर का छोटा सरकार घोषित करने वाला गैंगस्टर प्रिंस खान पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। उसके भाई बंटी खान और सहयोगी इरफान उर्फ टुन्नू को धनबाद पुलिस ने इलाहाबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पुलिस को जमीन कारोबारी नन्हे अंसारी की हत्या में बंटी खान की तलाश थी। नन्हे की हत्या के बाद प्रिंस ने वीडियो जारी कर हत्या की जिम्मेवारी ली थी। इसके बाद से ही पुलिस प्रिंस और बंटी की तलाश कर रही है। बंटी हाथ लग गया है। अब प्रिंस की बारी है।
पैरवी में जुटे कांग्रेसी नेता
नया बाजार के जमीन कारोबारी नन्हें अंसारी की हत्या मामले की जिम्मेवारी लेने वाला वासेपुर गैंग्स के प्रिंस खान का भाई बंटी खान और उसके सहयोगी इरफान उर्फ टुन्नू धनबाद पुलिस के हाथ लग चुका है। हालांकि धनबाद पुलिस दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि अभी नहीं कर रही है। लेकिन सूत्रों ने दावा किया है कि बंटी खान और उसका सहयोगी इरफान उर्फ टुन्नू पुलिस गिरफ्त में है। दोनों कांग्रेस पार्टी से भी जुड़ा हुआ है। लिहाजा कुछ कांग्रेस नेता दोनों की पैरवी में जुट गए हैं। हाल में ही बंटी खान का सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुआ था जिसमें वह तारिक अरवर के साथ दिखा था। उसके बाद से ही पुलिस बंटी खान की गिरफ्तारी को लेकर रेस थी।
नन्हे की हत्या में चारों भाई आरोपित
दरअसल, नया बाजार के जमीन कारोबारी ने हत्याकांड में प्रिंस खान, गोपी खान, बंटी खान तथा गोडविन खान भी आरोपित बनाए गए। नन्हे की हत्या के दूसरे दिन ही प्रिंस खान का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें प्रिंस खान ने नन्हे की हत्या करने की बात कबूल की है। इसके अलावा भी जितने लोग इस कांड में पकड़े गए थे, सभी ने पुलिस को दिए स्वीकारोक्ति बयान में नन्हे की हत्या में प्रिंस खान, गोपी, गॉडविन तथा बंटी का हाथ बताया है। लिहाजा पुलिस चारों भाइयों को ढूंढ रही है। घटना के दिन से ही सभी नामजद आरोपी फरार हैं।
इलाहाबाद रेलवे स्टेशन से हुई गिरफ्तारी
सूत्रों ने यह दावा किया है कि बंटी खान व इरफान की गिरफ्तारी ट्रेन में सफर के दाैरान इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर हुई है। हालांकि पुलिस इस बात से साफ इंकार कर रही है और अभी कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। अब देखना है कि पुलिस दोनों की गिरफ्तारी को कहां दिखाती है।
