DMC: 90 लाख से अधिक बोली लगाने पर ही बरटांड़ बस स्टैंड की हाथ लगेगी पार्किंग
धनबाद नगर निगम का सबसे कमाऊ पार्किंग स्थल बरटांड़ बस स्टैंड है। पिछले वर्ष बरटांड़ बस स्टैंड की बंदोबस्ती एक करोड़ छह लाख रुपये में हुई थी। नगर निगम ने बरटांड़ बस पड़ाव बैरियर की बंदोबस्ती के लिए खुली नीलामी की तिथि जारी कर दी है।
जागरण संवाददाता, धनबाद : धनबाद नगर निगम का सबसे कमाऊ पार्किंग स्थल बरटांड़ बस स्टैंड है। पिछले वर्ष बरटांड़ बस स्टैंड की बंदोबस्ती एक करोड़ छह लाख रुपये में हुई थी। नगर निगम ने बरटांड़ बस पड़ाव बैरियर की बंदोबस्ती के लिए खुली नीलामी की तिथि जारी कर दी है। 28 जून को दोपहर तीन बजे खुली नीलामी के जरिए इस बस पड़ाव की बंदोबस्ती की जाएगी। बंदोबस्ती की राशि 90 लाख 11 हजार रुपये रखी गई है। इससे अधिक बोली लगाने पर ही यह पार्किंग संबंधित ठेकेदार को मिलेगा।
बंदोबस्ती एक जुलाई 2022 से 30 जून 2023 तक के लिए होगी। इस बंदोबस्ती के साथ ही नगर निगम में पार्किंग की दर भी निर्धारित कर दी है। ऑटो, मिनी बस, नॉन एसी बस और एसी बस के लिए प्रतिदिन का अलग-अलग शुल्क होगा। फिलहाल निगम ने 28 जून दोपहर साढ़े 12 बजे तक पंजीकरण शुल्क नगर निगम कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया है। बंदोबस्ती की मूल राशि का 10 फीसद यानी नौ लाख 1100 रुपये जमानत के तौर पर जमा करना होगा।
पंजीकरण शुल्क के तौर पर 1000 अलग से देना होगा। इस बंदोबस्ती के लिए नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार ने सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार को जिम्मेवारी सौंपी है। यहां बता दें कि पिछले वर्ष हरीश सिंह ने सबसे अधिक बोली लगाकर यह पार्किंग अपने नाम की थी। हरीश सिंह ने 90 लाख 11 हजार की सबसे ऊंची बोली लगाई थी। इस राशि में 18 प्रतिशत जीएसटी जोड़ कर बंदोबस्ती की कुल राशि एक करोड़ छह लाख 32 हजार हो गई थी। कार्यकाल 31 मार्च 2022 तक की था, लेकिन कोविड-19 की वजह से तीन महीने का अतिरिक्त समय मिला। 30 जून को कार्यकाल खत्म हो रहा है। पिछले वर्ष बरटांड़ बस स्टैंड की बंदोबस्ती का बेस प्राइज 56 लाख रखा गया था। बोली 56 लाख से शुरू हुई थी। इस वर्ष बेस प्राइस में 34 लाख रुपये का इजाफा हुआ है और यह 90 लाख 11 हजार रखा गया है। पहली बार नगर निगम की ओर से बरटांड़ बस स्टैंड का बेस प्राइज दोगुना हुआ है।
बरटांड़ बस पड़ाव में पार्किंग की दर
- एसी बस के लिए : 150 रुपये प्रतिदिन
- नॉन एसी बस के लिए : 100 रुपये प्रतिदिन
- मिनी बस के लिए : 50 रुपये प्रतिदिन
- ऑटो के लिए : 10 रुपये प्रतिदिन