सफाईकर्मी गए हड़ताल पर, धनबाद शहर की सफाई ठप
हड़ताल लंबी चली तो साफ-सफाई के अभाव में शहर की स्थिति नारकीय हो सकती है।
धनबाद, जेएनएन। समय पर वेतन भुगतान करने और सातवां वेतनमान लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को धनबाद नगर निगम के सफाईकर्मी हड़ताल पर चले गए। हड़ताली कर्मचारी निगम कार्यालय परिसर में झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले धरना दे रहे हैं।
हड़ताल का नेतृत्व कर रहे फेडरेशन नेता अंजनी सिंह ने बताया कि नगर निगम में कर्मचारियों को वेतन-भत्ता का लाभ नहीं मिल रहा है। दो-दो महीने पर वेतन का भुगतान किया जाता है। इसके अलावा स्थायी कर्मचारियों को 7 वा वेतन मान और एसीपी का उचित लाभ नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इसके बाद भी निगम की नींद नहीं टूटी तो और उग्र आदोलन होगा।
दूसरी तरफ हड़ताल के कारण धनबाद शहर की सफाई ठप हो गई है। हड़ताल लंबी चली तो साफ-सफाई के अभाव में शहर की स्थिति नारकीय हो सकती है।