महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निगम के बढ़े कदम, प्रशिक्षण के बाद सिलाई मशीन का वितरण Dhanbad News
मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि शहरी क्षेत्र में महिला सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनें इसको लेकर नगर निगम प्रशिक्षण शिविर चला रहा है। जरूरतमंद महिलाओं को प्रशिक्षण मिल रहा है।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड राज्य खादी बोर्ड एवं धनबाद नगर निगम के साझा प्रयास से तीन जगह स्वयं सहायता समूह की 65 महिलाओं को सिलाई मशीन का वितरण किया गया। मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही प्रथम बैच की महिलाओं को निश्शुल्क सिलाई मशीन एवं प्रमाणपत्र दिया।
सिलाई मशीन एवं प्रमाण पत्र वितरण का शुभारंभ मंगलवार को बापूनगर स्थित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र से हुआ। मशीन पाकर महिलाओं के चेहरे खिल गए। सभी ने निगम और खादी बोर्ड का आभार व्यक्त किया। मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि शहरी क्षेत्र में महिला सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनें, इसको लेकर नगर निगम प्रशिक्षण शिविर चला रहा है। जरूरतमंद महिलाओं को निश्शुल्क प्रशिक्षण मिल रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद इन्हें रोजगार मिला, इसके लिए समय-समय पर सिलाई मशीनें भी दी जा रही हैं। इसमें 75 फीसद राशि निगम और 25 फीसद लाभुक को वहन करना होता है। सिलाई प्रशिक्षण केंद्र बापू नगर, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र प्रेम नगर धनसार और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र बिरसा समिति मैदान में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त राजीव रंजन, एनयूएलएम के सोमेश कुमार, गजाला परवीन, तारकनाथ पांडेय, रविदास, राजेश प्रजापति एवं सामुदायिक संसाधन सेवी मौजूद थे। प्रथम बैच की 65 महिलाओं में बांटी सिलाई मशीन