ओ हीरिए ख्वाबों में आती है तू... बालीवुड एलबम में Dhanbad निगम की ब्रांड अंबेसडर अनिता मजुमदार, शाहिद माल्या ने दी है आवाज
धनबाद के कोयला नगर की अनिता अपने एलबम लांचिंग से खासी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि एलबम की शूटिंग मुंबई और दूसरे लोकेशन में हुई है। पर एक्टर और एक्ट्रेस के एक-दूसरे से बिछड़ने की कहानी में धनबाद का जिक्र है।
जागरण संवाददाता, धनबाद: ओ हीरिए ख्वाबों में आती है तू, ओ जानिए बड़ा तड़पाती है तू...। बॉलीवुड सिंगर शाहिद माल्या की सुरीली आवाज में सजे इस गाने को काफी पसंद किया जा रहा है। एलबम छोटी सी लव स्टोरी थीम पर है। इसमें बचपन में बिछड़े साथी को तलाशते दिखाया गया है, जो धनबाद से दिल्ली शिफ्ट हो जाते हैं। जवां होने पर वह फिर से मिल जाती है पर एक सड़क हादसे का शिकार हो जाती है। फीमेल सिंगर की आवाज पूजा गुल्शन ने दी है। धनबाद के लिए यह एलबम इसलिए भी खास है क्योंकि इसकी लीड एक्ट्रेस धनबाद नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर अनिता मजुमदार हैं। अनिता का पहला बॉलीवुड डेब्यू एलबम है। उनके साथ लीड अभिनेता के तौर पर अयान खान हैं। प्रोड्यूशर अंकूर नंदन हैं। शाहिद माल्या ने इससे पहले बॉलीवुड में कई हिट गाने पेश किए हैं। शाहिद कपूर और सोनम कपूर की फिल्म मौसम का गाना कोई दिल बेकाबू कर गया..., स्टूडेंट आफ द ईयर का कुक्कड़..., रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर की फिल्म गुंडे का गाना सइयां..., अर्जुन कपूर और आलिया भट्ट की 2 स्टेट्स का गाना इसकी, उसकी..., उड़ता पंजाब का गाना इक कुड़ी...के साथ पंजाबी गाने भी गाए हैं।
धनबाद के कोयला नगर की अनिता अपने एलबम लांचिंग से खासी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि एलबम की शूटिंग मुंबई और दूसरे लोकेशन में हुई है। पर, एक्टर और एक्ट्रेस के एक-दूसरे से बिछड़ने की कहानी में धनबाद का जिक्र है जो एक अलग अपनेपन का एहसास कराने वाला है क्योंकि वह धनबाद की रहने वाली है। इस बॉलीवुड एलबम से न सिर्फ अनिता बल्कि धनबाद को भी ऐसे लोग जान सकेंगे जो अब तक इस शहर से वाकिफ नहीं हैं। मिस इंडिया रनर अप रह चुकीं अनिता अब इस क्षेत्र में ही अपने करियर को नई ऊंचाई पर ले जाने की कोशिश कर रही हैं। अनिता का कहना है कि वह धनबाद की बेटी हैं और उनके आगे बढ़ने में शहर के लोगों का साथ जरूरी है। एलबम को जितना पसंद करेंगे, जितना सुनेंगे, उतनी ही ऊंचाई धनबाद की बेटी को मिलेगी।