Dhanbad PMCH Rename News: शहीद निर्मल महतो के नाम पर सांसद का विरोध, कहा- झारखंड आंदोलन के बड़े नेता के साथ भी राजनीति कर गई हेमंत सरकार
Dhanbad PMCH Rename News झारखंड आंदोलन के पुरोधा एके राय के साथ भी हेमंत सरकार राजनीति कर गई। मुख्यमंत्री हेमंत सरकार को जानना चाहिए कि झारखंड निर्माण में एके राय की भूमिका रही है।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad PMCH Rename News धनबाद सांसद पीएन सिंह ने पीएमसीएच का नाम झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता निर्मल महतो के नाम पर करने का विरोध किया है। कहा कि निर्मल महतो का धनबाद से कोई वास्ता नहीं रहा। पिछले ही वर्ष तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास से धनबाद के नेताओं ने पीएमसीएच का नाम पूर्व सांसद एके राय के नाम पर करने की मांग की थी। वे भाजपा नेता नहीं थे, लेकिन यहां के पूर्व सांसद थे। झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका थी। अपनी ईमानदारी के लिए सभी दलों के कार्यकर्ताओं के बीच सम्मानित थे। उनके नाम पर अगर पीएमसीएच का नामकरण होता तो अच्छा रहता।
सांसद ने कहा है कि आश्चर्य की बात है कि झारखंड आंदोलन के पुरोधा एके राय के साथ भी हेमंत सरकार राजनीति कर गई। मुख्यमंत्री हेमंत सरकार को जानना चाहिए कि झारखंड निर्माण में एके राय की भी भूमिका रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक नेताओं में एके राय शामिल रहे हैं। मार्क्सवादी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन महतो ने भी एके राय के नाम पर पीएमसीएच का नाम करने की वकालत की है।