'धनबाद को मिले स्वतंत्र रेल जोन का दर्जा', सांसद ने कई ट्रेनों के अपग्रेड और विस्तार की भी उठाई मांग
सांसद ढुलू महतो ने लोकसभा में धनबाद को स्वतंत्र रेलवे जोन बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रशासनिक ...और पढ़ें

धनबाद के सांसद ढुलू महतो। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
फोटो जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद रेल मंडल आज भी प्रशासनिक जटिलताओं का सामना कर रहा है। वर्तमान में यह मंडल पूर्व मध्य रेल, पूर्व रेल और दक्षिण पूर्व रेल के प्रशासनिक ढांचे के बीच संचालित हो रहा है, जिससे कई विकासात्मक निर्णयों में अनावश्यक विलंब होता है।
सांसद ढुल्लु महतो ने कहा कि धनबाद को स्वतंत्र रेलवे जोन बनाया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि धनबाद के औद्योगिक, भौगोलिक और रणनीतिक महत्व को देखते हुए इसे एक स्वतंत्र रेलवे जोन के रूप में विकसित किया जाए, ताकि क्षेत्र से जुड़े निर्णय स्थानीय स्तर पर शीघ्र लिए जा सकें।
यह भी पढ़ें- ट्रेनों में नया फायर सेफ्टी सिस्टम: आग लगने से पहले करेगा अलर्ट, तापमान बढ़ते ही खुद से करेगा बुझाने का काम
संसद में उठाई मांग
वे मंगलवार को धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने लोकसभा में वित्तीय वर्ष 2026–27 के रेल बजट की अनुदान मांगों पर चर्चा में भाग लेते हुए धनबाद एवं कोयलांचल क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती के साथ सदन में उठाया।
उन्होंने कहा कि धनबाद रेल मंडल भारतीय रेलवे के सबसे महत्वपूर्ण और राजस्व देने वाले मंडलों में से एक है। इस मंडल ने 190.16 मिलियन टन माल ढुलाई के साथ लगातार तीसरी बार सर्वाधिक माल परिवहन का रिकॉर्ड बनाया है।
सरकार द्वारा देश के प्रमुख स्टेशनों के विकास के लिए मेगा कोचिंग टर्मिनल योजना शुरू की गई है, लेकिन सभी मानकों को पूरा करने के बावजूद धनबाद स्टेशन को इस योजना में शामिल नहीं किया गया है।
धनबाद स्टेशन को इस महत्वपूर्ण योजना में शामिल किया जाए, ताकि यहां से लंबी दूरी की नई ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं का विस्तार संभव हो सके।
दो ट्रेनों को स्थायी दर्जा देने की मांग
उन्होंने कहा कि धनबाद–एलटीटी मुंबई तथा धनबाद–जम्मू तवी ट्रेनों को स्थायी दर्जा देने और जम्मू तवी सेवा का विस्तार श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक करने का भी आग्रह किया।
धनबाद–गोमो–गया रेल खंड पर स्थित जर्जर रेल पुल की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इसके शीघ्र पुनर्निर्माण तथा सड़क भाग के चौड़ीकरण के लिए राष्ट्रीय रेल संरक्षा कोष से विशेष बजट आवंटित करने की मांग की।
सांसद महतो ने अगरतला–देवघर एक्सप्रेस का विस्तार धनबाद तक करने और इसकी आवृत्ति बढ़ाने का सुझाव दिया, जिससे झारखंड और पूर्वोत्तर भारत के बीच संपर्क और मजबूत हो सके।
उन्होंने वर्तमान में संबलपुर में लंबे समय तक खड़ी रहने वाली नागावली सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार धनबाद तक करने का भी प्रस्ताव रखा, जिससे दक्षिण भारत से कोयलांचल का सीधा संपर्क स्थापित हो सके।
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि गोमो जंक्शन एक ऐतिहासिक और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां शेड की स्थापना होने से परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी और रखरखाव के लिए अन्य स्थानों पर निर्भरता कम होगी।
सेल द्वारा स्कूल बंद किए जाने का मुद्दा उठाया
सांसद ढुलू महतो ने लोकसभा में एक अन्य प्रश्न के माध्यम से बोकारो में सेल द्वारा संचालित लगभग 18 स्कूलों को बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों की शिक्षा और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है।
