धनबाद में भू-धंसान से बंद सड़क पर जनाक्रोश, विधायक राज सिन्हा 24 घंटे के अनशन पर
Dhanbad News: केंदुआडीह में भू-धंसान के कारण बंद धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को लेकर विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में 24 ...और पढ़ें
HighLights
भू-धंसान के कारण धनबाद-बोकारो मार्ग बंद।
विधायक राज सिन्हा 24 घंटे के अनशन पर।
प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप, सड़क बहाली की मांग।
संवाद सहयोगी, पुटकी (धनबाद)। Dhanbad News: केंदुआडीह में हुए भू-धंसान के कारण बंद पड़े धनबाद–बोकारो मुख्य सड़क मार्ग को लेकर जनआक्रोश अब आंदोलन में बदल गया है। शनिवार को कोयलांचल बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले धनबाद विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में राजपूत बस्ती मोड़, केंदुआ में दोपहर करीब 1:30 बजे से 24 घंटे के आमरण अनशन की शुरुआत की गई।
अनशन में प्रभावित लोग, विभिन्न चैंबर ऑफ कॉमर्स, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आंदोलन को समर्थन दिया। आंदोलनकारियों ने सड़क का शीघ्र निर्माण कर पहले की तरह यातायात व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई। इस दौरान आंदोलनकारियों ने धनबाद जिला प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
कोयलांचल बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले 23 से 25 अप्रैल तक विधायक राज सिन्हा ने धरना दिया था। इसके बाद धनबाद जिला प्रशासन ने 2 मई को वार्ता की तिथि तय की थी। वार्ता के आश्वासन के बाद धरना स्थगित कर दिया गया था। लेकिन 2 मई की बैठक जिला प्रशासन ने स्थगित कर दी।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि केंदुआडीह सड़क धंसान से आम जनता, व्यापारी, छात्र एवं मजदूर वर्ग को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिला प्रशासन, बीसीसीएल एवं संबंधित विभाग अब तक कोई ठोस पहल नहीं कर सके हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पहले की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल के बाद भी समाधान नहीं निकलने पर 24 घंटे का अनशन किया जा रहा है। अगर इसके बाद भी सड़क निर्माण नहीं होता है, तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।
अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे और आंदोलन के समर्थन में प्रशासन एवं बीसीसीएल के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर विभिन्न चैंबर के पदाधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।
बताते चलें कि पिछले साल दिसंबर में केंदुआ के विभिन्न क्षेत्रों में गैस रिसाव शुरू हुआ था। वहीं, इस वर्ष 16 अप्रैल को केंदुआडीह थाना के समीप धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग के किनारे भू-धंसान होने के बाद प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर सड़क को बंद कर दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।