'सरकार बदली तो छोड़ेंगे नहीं', थानेदार से कथित गाली-गलौज पर MLA जयराम महतो पर FIR; ऑडियो वायरल
MLA Jairam Mahto: धनबाद के बरवाअड्डा थानेदार रवि कुमार और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच बातचीत का एक ऑडियो-वीडियो ...और पढ़ें
HighLights
विधायक जयराम महतो ने थानेदार को कथित तौर पर गाली दी।
थानेदार रवि कुमार ने विधायक के खिलाफ FIR दर्ज कराई।
पुलिस एसोसिएशन ने थानेदार का समर्थन किया, कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, धनबाद। इंटरनेट मीडिया में धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना के थानेदार रवि कुमार और JLKM Chief व Dumri MLA जयराम महतो के बीच बातचीत का एक ऑडियो-वीडियो वायरल हुआ है। इसमें विधायक द्वारा थानेदार को गाली देते हुए सुना जा सकता है। हालांकि, दैनिक जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता है।
बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो-वीडियो व्हाट्सएप कॉल की रिकॉर्डिंग है, जिसे दूसरे मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया है। इसमें विधायक थानेदार को तुम-ताम, रे-ते-बे, तुम जानबूझकर बदमाशी किया है।
मुखिया के कहने पर... तुम मीठा-मीठा बोलते हो, पीठ पीछे बोलता है कि पैरवी करता है। जिस दिन सरकार बदली, तुम झारखंड के किसी भी कोने में रहोगे, छोड़ेंगे नहीं। मामले को लेकर थाना प्रभारी रवि कुमार ने बरवाअड्डा थाने में विधायक जयराम महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विधायक जयराम ने दी सफाई
डुमरी के विधायक जयराम महतो और बरवाअड्डा थाना प्रभारी के बीच गाली-गलौज से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद विधायक ने मंगलवार को सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वायरल किए गए वीडियो में पूरी बातचीत का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह एडिट किया हुआ है।
जयराम महतो के अनुसार, दोनों के बीच करीब 11 मिनट तक बातचीत हुई थी, जबकि लोगों को भेजा गया वीडियो करीब ढाई मिनट का है। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान पहले थाना के बड़ा बाबू ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया, इसके बाद उन्होंने भी जवाब में अपशब्द कहे।
विधायक ने कहा कि वायरल वीडियो में उनके द्वारा कही गई बातें दिखाई गई हैं, लेकिन बातचीत के दूसरे पक्ष द्वारा इस्तेमाल किए गए अपशब्दों को वीडियो से हटा दिया गया है। उन्होंने पूरे मामले की वास्तविकता सामने आने के लिए पूरी बातचीत का वीडियो सामने रखने की बात कही।
पांच दिन बाद थानेदार की पूरी पोल खोलेंगे
डुमरी विधायक जयराम महतो ने बरवाअड्डा थाना के बड़ा बाबू को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पांच दिन बाद सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित कर थाना प्रभारी से जुड़े पूरे मामले का खुलासा करेंगे। विधायक ने कहा कि उनके पास इस संबंध में कई तथ्य और जानकारी हैं, जिन्हें प्रेस वार्ता के दौरान सार्वजनिक किया जाएगा।
थानेदार के पक्ष में आया पुलिस मेंस एसोसिएशन
मामले को लेकर धनबाद पुलिस मेंस एसोसिएशन बरवाअड्डा के थानेदार रवि कुमार के समर्थन में आगे आया है। एसोसिएशन ने कहा है कि जब तक मामले में कार्रवाई नहीं होगी, धनबाद में पुलिस काम नहीं करेगी।
एसोसिएशन का कहना है कि बॉडीगार्ड के रूप में माननीयों को हमारी जरूरत पड़ती है और जब हम उनके गलत का समर्थन नहीं करते हैं तो हमें ही गालियां देते हैं। मामले को लेकर धनबाद पुलिस में सख्त नाराजगी है।
समर्थक की गिरफ्तारी को लेकर फोन करने का आरोप
थाना प्रभारी की शिकायत के अनुसार, 22 अगस्त की रात करीब 8:09 बजे वे थाने में काम कर रहे थे। इसी दौरान विधायक जयराम महतो का व्हाट्सएप कॉल आया। आरोप है कि विधायक ने अपने समर्थक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने और उसकी गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई।
थानेदार-विधायक विवाद का कारण
पूरा विवाद बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र तैयार करने के आरोप में जेएलकेएम नेता गणेश दास को हिरासत में लिए जाने के बाद शुरू हुआ। गणेश दास की गिरफ्तारी के बाद विधायक थाना पहुंचे।
यह भी पढ़ें- MLA जयराम महतो पर कसा शिकंजा, थाना प्रभारी के बयान पर बरवाअड्डा थाने में प्राथमिकी दर्ज
इसके बाद शुक्रवार रात बरवाअड्डा थाने में पुलिस और विधायक समर्थकों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति बनी। घटना के बाद विधायक जयराम महतो और मुखिया पक्ष की ओर से अलग-अलग शिकायतें दी गईं। मुखिया के बेटे प्रदीप कुमार रजक की शिकायत पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
