प्रगति नर्सिंग होम में इलाज के दौरान महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
धनबाद के सरायढेला स्थित प्रगति नर्सिंग होम में 22 वर्षीय मोनी परवीन की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई, जिसके ...और पढ़ें

सरायढेला स्थित प्रगति नर्सिंग होम।
HighLights
प्रगति नर्सिंग होम में 22 वर्षीय महिला की ऑपरेशन में मौत।
परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा।
पुलिस मौके पर पहुंची, मामले को शांत कराने का प्रयास जारी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। सरायढेला स्थित प्रगति नर्सिंग होम में मंगलवार की शाम लोयाबाद की रहने वाली 22 वर्षीय मोनी परवीन की मौत आपरेशन टेबल पर ही हो गई। महिला की मौत के बाद आक्रोशित स्वजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और प्रबंधन तथा चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
मृतका मोनी परवीन मूल रूप से झरिया के लोदना की रहने वाली थीं और उनकी शादी लोयाबाद के कनकनी में हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद सरायढेला थाना की भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची। देर रात लोगों को समझाने की प्रयास हो रहा था।
स्टेंट निकालने के लिए बुलाया गया था अस्पताल
स्वजनों ने बताया कि लगभग डेढ़ माह पूर्व मोनी परवीन का इसी नर्सिंग होम में पथरी पित की थैली में पथरी का आपरेशन किया गया था। उस समय उनके शरीर के भीतर एक स्टेंट डाला गया था। स्टेंट मुंह के रास्ते से निकालना था। चिकित्सक डा. केएस नारायण ने इसी स्टेंट को निकालने के लिए मंगलवार को दोबारा अस्पताल बुलाया था।
स्जनों का आरोप है कि जब वह सुबह मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचे, तो चिकित्सक को बुलाने से पहले अस्पताल प्रबंधन ने उनपर पैसे जमा करने का भारी दबाव बनाया। अग्रिम राशि जमा कराने के बाद ही डाक्टर को फोन कर बुलाया गया।
ओटी के भीतर घंटों रखा, फिर मिली मौत की खबर
रुपये जमा कराने के उपरांत मोनी को आपरेशन थियेटर (ओटी) के अंदर ले जाया गया। स्वजनों का कहना है कि मरीज को घंटों तक ओटी के भीतर रखा गया, लेकिन बाहर इंतजार कर रहे स्वजनों को उनकी स्थिति या स्वास्थ्य के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
काफी देर बाद जब महिला की मौत की खबर बाहर आई, स्वजन भड़क उठे। मृतका के भाई ने रोते हुए बताया, मेरी छोटी बहन की जान लापरवाही के कारण चली गई। यदि उसकी स्थिति गंभीर हो रही थी, तो चिकित्सकों को हमें बताना चाहिए था, हम उसे दूसरे अस्पताल ले जाते।
लेकिन दो घंटे तक अंदर रखने के बाद डॉक्टर ने आकर कहा कि कार्डियक अरेस्ट से उसकी मौत हो गई है। इसके बाद डॉक्टर और सभी कर्मी ओटी छोड़कर भाग गए।
चिकित्सकों ने बचाने की पूरी कोशिश की : खेतान
प्रगति नर्सिंग होम के संचालक जेपी खेतान ने कहा कि आपरेशन के दौरान मरीज को कार्डियक अरेस्ट आ गया था। उसे बचाने के लिए चिकित्सकों ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन बचाया नहीं जा सका। हालांकि, इस समय मैं बाहर हूं इसलिए मुझे ज्यादा विस्तृत जानकारी नहीं है।
