विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में आधी रात को बकरों की लूट: हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों को बनाया बंधक, 17 खस्सी लेकर फरार

Published: Sun, 20 Sep 2026 01:08 PM (IST)

Dhanbad News: बिनोद बिहारी चौक पर देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक मीट दुकान से करीब 2.50 लाख रुपये मूल्य ...और पढ़ें

खस्सी लूट की जानकारी देता दुकान मालिक नारायण मंडल। (फोटो जागरण)

खस्सी लूट की जानकारी देता दुकान मालिक नारायण मंडल। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. धनबाद में हथियारबंद बदमाशों ने मीट दुकान से बकरे लूटे।

  2. कर्मचारियों को बंधक बनाकर 17 खस्सी लेकर फरार हुए।

  3. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, धनबाद। शहर के बिनोद बिहारी चौक नावाडीह के समीप शनिवार की देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद चोरों ने नारायण मंडल की झटका मीट दुकान पर धावा बोलकर करीब 2.50 लाख रुपये मूल्य की 17 खस्सी (बकरे) लूट कर चलते बने।

लुटेरों ने दुकान में सो रहे कर्मचारियों को हथियार दिखाकर बंधक बनाया और पिकअप वाहन में माल लादकर आसानी से फरार हो गए। घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है।

दुकान मालिक नारायण मंडल के अनुसार, रात में दो कर्मचारी दुकान और गोदाम की रखवाली के लिए अंदर सो रहे थे। तभी हथियारबंद बदमाशों ने परिसर में प्रवेश किया और सो रहे कर्मचारियों पर चापड़ तान दिया।

बदमाशों ने चिल्लाने या विरोध करने पर जान से मारने की सीधी धमकी दी। दहशत के कारण कर्मचारी असहाय बने रहे। इसका फायदा उठाकर चोरों ने गोदाम में रखे 17 खस्सियों को बाहर निकाला और पहले से तैयार वाहन में लादकर चलते बने।

सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की हरकत

घटना की पूरी जानकारी सुबह तब सामने आई जब कर्मचारियों ने मालिक को आपबीती सुनाई। दुकान मालिक के मुताबिक, लूटी गई खस्सियों की कुल कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये है। गनीमत यह रही कि पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां और उनके वाहन की मूवमेंट साफ देखी जा सकती है।घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद गश्ती दल (पेट्रोलिंग टीम) मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।

फुटेज के आधार पर गिरोह की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है,व्यस्ततम चौक के पास हुई इस घटना से स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में भारी रोष व सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। दुकानदारों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।