विजयादशमी उत्सव पर आरएसएस ने किया पथ संचलन, पूर्ण गणवेश में दिखे भाजपाई Dhanbad News
आरएसएस की स्थापना डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने 1925 में विजयादशमी के दिन की थी। इसी उपलक्ष्य में आरएसएस की तरफ से देश भर में हर साल विजयादशमी उत्सव मनाया जाता है।
धनबाद, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) धनबाद महानगर ने शनिवार को विजयादशमी उत्सव मनाया। इस माैके पर पंथ संचलन का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। पूर्ण गणवेश में चल रहे स्वयंसेवक देखते ही बन रहे थे। इन्हें देखने के लिए सड़कों के दोनों तरफ लोग खड़े थे।
आरएसएस की स्थापना डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने 1925 में विजयादशमी के दिन की थी। इसी उपलक्ष्य में आरएसएस की तरफ से देश भर में हर साल विजयादशमी उत्सव मनाता है। शनिवार को आरएसएस की धनबाद महानगर शाखा की तरफ से राजकमल विद्या मंदिर में विजयादशमी उत्सव मनाया गया। सबसे पहले स्वयंसेवक एकत्र हुए। एकत्रीकरण के बाद स्वयंसेवकों ने पथ संचलन किया। पंथ संचलन में धनबाद के मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल और विधायक राज सिन्हा भी शामिल थे। दोनों पूर्ण गणवेश में चल रहे थे। एक नजर में देखने वाले पहचान ही नहीं पा रहे थे कि पथ संचलन में मेयर और विधायक भी चल रहे हैं।
पथ संचलन के बाद आरएसएस के झारखंड प्रांत के प्रचारक रवि शंकर का बौद्धिक हुआ। प्रांत प्रचारक के बौद्धिक को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। आरएसएस ने विजयादशमी उत्सव मनाकर शहर में एक तरह से शक्ति प्रदर्शन किया। इसमें केंद्र और राज्य में सत्ताधारी भाजपा के छोटे-बडे़ नेता भी शरीक हुए।