विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में मंगेतर संग मिलकर प्रेमिका ने की पुराने प्रेमी की हत्या, शादी से पहले वीडियो वायरल करने की धमकी बनी वजह

Published: Thu, 04 Jun 2026 05:49 PM (IST)

Wedding Plans Turn Bloody धनबाद में एक युवती ने अपने मंगेतर के साथ मिलकर पुराने प्रेमी दिलशाद अंसारी की हत्या कर दी।

दिलशाद अंसारी हत्याकांड में गिरफ्तार युवती और घटना की जानकारी देती झरिया पुलिस।(फोटोःजागरण)

दिलशाद अंसारी हत्याकांड में गिरफ्तार युवती और घटना की जानकारी देती झरिया पुलिस।(फोटोःजागरण)

HighLights

  1. धनबाद में प्रेमिका ने मंगेतर संग मिलकर प्रेमी की हत्या की।

  2. शादी तय होने पर पुराने वीडियो वायरल करने की धमकी मिली।

  3. पुलिस ने प्रेमिका कोमल वर्णवाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

संवाद सहयोगी, अलकडीहा (धनबाद)। Dhanbad Horror झारखंड के धनबाद में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। आमतौर पर प्रेमी और प्रेमिका मिलकर किसी तीसरे शख्स को रास्ते से हटाने की साजिश रचते हैं, लेकिन इस मामले में कहानी बिल्कुल उलट निकली। यहां एक युवती ने अपने होने वाले पति के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस ने भौंरा ओपी क्षेत्र के कालीमेला स्थित दामोदर नदी किनारे श्मशान घाट के पास शेड में मिले 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में मृतक की प्रेमिका, झरिया के कोयरीबांध निवासी कोमल वर्णवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

गुरुवार को जोड़ापोखर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में सिंदरी डीएसपी पीसी महतो ने बताया कि हत्या के पीछे त्रिकोणीय प्रेम संबंध और शादी से पहले पैदा हुआ विवाद मुख्य वजह है।

शादी तय होते ही प्रेमी से बनानी चाही दूरी

पुलिस के अनुसार, कोमल और दिलशाद के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी दौरान कोमल की शादी झरिया निवासी रोशन के साथ तय हो गई। शादी तय होने के बाद वह दिलशाद से संबंध खत्म करना चाहती थी, लेकिन दिलशाद इसके लिए तैयार नहीं था।

जांच में यह भी सामने आया कि दिलशाद कथित तौर पर कोमल को पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था। इस वजह से युवती मानसिक रूप से परेशान थी और दोनों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा था।

श्मशान घाट बुलाकर पिलाई शराब, फिर रेत दिया गला

पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद से छुटकारा पाने के लिए कोमल ने अपने मंगेतर रोशन के साथ मिलकर दिलशाद की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत दिलशाद को कालीमेला श्मशान घाट के समीप बुलाया गया। वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर धारदार हथियार से उसका गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों वहां से फरार हो गए।

चाकू तालाब से बरामद, मोबाइल भी मिला

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी पीसी महतो के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। पूछताछ में कोमल ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जीतपुर तिवारी बस्ती स्थित तालाब से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। साथ ही मृतक का मोबाइल फोन भी उसके कब्जे से बरामद किया गया।

पुलिस की कहानी पर स्वजनों ने उठाए सवाल

हालांकि पुलिस के खुलासे से मृतक के स्वजन संतुष्ट नहीं हैं। गुरुवार को परिजनों और मोहल्लेवासियों ने जोड़ापोखर थाना के सामने प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की।

मृतक के भाई निषाद अंसारी और चाचा इरशाद अंसारी का आरोप है कि हत्या में केवल कोमल और रोशन ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोग भी शामिल थे। उनका कहना है कि कुछ आरोपितों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने एसएसपी से मामले की दोबारा गहन जांच कर सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।

दो परिवारों की खुशियां मातम में बदलीं

इस सनसनीखेज हत्याकांड ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। दिलशाद और कोमल, दोनों की शादी अलग-अलग जगहों पर तय हो चुकी थी। घरों में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन शादी की शहनाइयों से पहले ही एक प्रेम कहानी खूनी अंजाम तक पहुंच गई।