धनबाद में नौकरी के नाम पर करोड़ों की ठगी, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देने वाला गिरफ्तार; ठग के पिता भी प्रताड़ित
धनबाद पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले पंकज गुप्ता को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

धनबाद पुलिस की गिरफ्त में ठग पंकज गुप्ता। (एआइ फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये ठगने के आरोप में धनबाद पुलिस ने पंकज गुप्ता कोआइआईटी-आइएसएम के पास से पकड़ा है, उसके पकड़े जाने की सूचना मिलते ही कई शिकायतकर्ता भी थाना पहुंच गए।
किसी ने 15 लाख, किसी ने 10 लाख तो किसी ने छह लाख रुपये लेने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि नौकरी के नाम पर लंबे समय से चल रही ठगी में रकम करोड़ों रुपये तक पहुंच सकती है। सोमवार को ठग के पकड़े जाने के बाद से पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
आरोपित लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग समेत विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का भरोसा देता था। इसके एवज में उनसे लाखों रुपये लिए जाते थे।
आरोप है कि कई लोगों को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिए गए। जब उन्हें इसकी जानकारी हुई और उन्होंने रकम वापस मांगी तो पहले टालमटोल की गई और बाद में धमकी देने का आरोप लगाया गया। पंकज को थाना लाए जाने के बाद शिकायतकर्ताओं और उसके बीच कहासुनी भी हुई।
स्थिति बिगड़ते देख थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने शिकायतकर्ताओं को बाहर कराया और आरोपित को फिलहाल हाजत में बंद रखा है।
पिता ने भी लगाया ठगी का आरोप
मामले में आरोपित के पिता के आरोप ने भी पुलिस की जांच को नया दिशा दिया है। पिता ने अपने बेटे पर कई लोगों से ठगी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
उन्होंने पैर तोड़ने और पूर्व में भी शिकायत करने का दावा किया है। मामले को लेकर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि पलामू, बिहार समेत कई क्षेत्रों के लोगों को नौकरी के नाम पर झांसे में लेने की शिकायत सामने आई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित नौकरी ठगी में कितने लोग शिकार हुए और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
भागा की महिला को प्रोन्नति दिलाने के नाम पर लिए थे 15 लाख
शहर में महिला बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के पद पर प्रोन्नति दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 15 लाख रुपये ठगी की है, इसी घटना को लेकर भुतगड़िया भागा की महिला कुमारी रेणु की शिकायत पर धनबाद थाना की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित पंकज गुप्ता को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।
आरोप है कि पंकज ने अपने भाई यश कुमार गुप्ता और मां पूनम गुप्ता के साथ मिलकर कुमारी रेणु को नौकरी में प्रोन्नति दिलाने का झांसा दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, अलग-अलग तारीखों में नकद और बैंक हस्तांतरण के माध्यम से कुल 15 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद महिला को महिला एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के पद पर प्रोन्नति का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिया।
संबंधित कार्यालय में जांच कराने पर पत्र फर्जी निकला। शिकायत में पत्र पर तत्कालीन प्रधान सचिव के फर्जी हस्ताक्षर होने की बात भी कही गई है। रुपये वापस मांगने पर आरोपितों पर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया है कि आरोपित खुद को झारखंड के कुछ बड़े अधिकारियों को करीबी बताता था और लोगों को झांसे में लेकर करती था ठगी।
