विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Dhanbad Land Subsidence Tragedy: बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र में तेज धमाके के साथ तीन घर जमींदोज, कई लोगों के दबने की आशंका

By Ravi SinghEdited By: Mritunjay Pathak
Published: Tue, 31 Mar 2026 09:18 PM (IST)Updated: Tue, 31 Mar 2026 10:37 PM (IST)

Dhanbad Illegal Mining Tragedy: धनबाद में बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र के सोनारडीह स्थित टांडाबाड़ी में एक घर जमींदोज होने से ...और पढ़ें

घटना के विरोध में चास-कतरास फोरलेन को जाम करते लोग। (फोटो जागरण)

घटना के विरोध में चास-कतरास फोरलेन को जाम करते लोग। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. धनबाद में घर ढहने से तीन की मौत की आशंका।

  2. घटना के विरोध में फोरलेन सड़क जाम की गई।

  3. कतरास का यह इलाका अग्नि प्रभावित क्षेत्र है।

संवाद सहयोगी, जागरण, कतरास (धनबाद)। Dhanbad Illegal Coal Mining Triggers Land Subsidence, 3 Dead: झारखंड के धनबाद जिले के बाघमारा प्रखंड में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। कोल इंडिया की अनुषंगी इकाई बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र अंतर्गत सोनारडीह टंडाबाड़ी में करीब छह बजे तेज आवाज के साथ तीन घर जमींदोज हो गए। 

इस भू-धसान की घटना में तीन लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सोनारडीह ओपी का घेराव किया और एनएच-32 फोरलेन सड़क को जाम कर दिया।

पीड़ित परिवार के लोग राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की मांग को लेकर ओपी परिसर में डटे रहे। सूचना मिलते ही विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उपायुक्त और बीसीसीएल के सीएमडी से फोन पर बात कर तत्काल रेस्क्यू टीम भेजने की मांग की। सीएमडी ने शीघ्र टीम भेजने का आश्वासन दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार सिंह, जीएम सेफ्टी संजय कुमार सिंह, गोविंदपुर क्षेत्र के जीएम वी. विजय कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। विधायक शत्रुघ्न महतो ने घटना के लिए अवैध खनन को जिम्मेदार ठहराया और राज्य सरकार व जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

बीसीसीएल कर्मी परशुराम उरांव के अनुसार, इस हादसे में उनकी पत्नी सरिता देवी (35 वर्ष), पड़ोस की गीता कुमारी (17 वर्ष) और मनु उरांव (70 वर्ष) के दबे होने की आशंका है। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। रिंकी कुमारी ओपी पहुंचकर परिजनों की जान बचाने की गुहार लगाती रही। इस दौरान लोगों ने अवैध उत्खनन के खिलाफ आक्रोश जताया।

घटना के करीब आधे घंटे बाद दोबारा भू-धसान की आशंका की अफवाह फैलने पर फिर भगदड़ मच गई। लोग घर छोड़कर भागने लगे। रात करीब 9:15 बजे रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और 9:35 बजे जनरेटर लाने के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कांग्रेस नेता अशोक लाल और आजसू नेता रामाशंकर तिवारी भी मौके पर पहुंचे और जल्द रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने की मांग की।

डीएसपी व सीओ पहुंचे घटनास्थल
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार सिंह और सीओ गिरिजा नंद किस्कू के साथ आसपास के कई थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर पहुंची।

अधिकारियों के बयान:

  • “कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है, रेस्क्यू टीम पहुंच चुकी है।” — संजय कुमार सिंह, जीएम सेफ्टी, बीसीसीएल
  • “स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन नियंत्रण में है। जांच की जा रही है।” — पुरुषोत्तम कुमार सिंह, डीएसपी
  • “एक घर जमींदोज हुआ है, एक पुरुष और दो महिलाओं के दबने की आशंका है। अंधेरा के कारण परेशानी हो रही है।” — गिरिजा नंद किस्कू, सीओ