धनबाद में चारा संकट से पशु और पशुपालक हलकान, कांग्रेस ने जिला परिवहन पदाधिकारी पर बोला हमला Dhanbad News
धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला परिवहन पदाधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गंभीर आरोप लगाते हुए डीटीओ का तबादला करने की मांग की है।
धनबाद, जेएनएन। पश्चिम बंगाल से चारा सप्लाई नहीं होने के कारण धनबाद के पशुपालक परेशान हैं। वो पशुओं को चारा उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) द्वारा चारा ढुलाई करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में सप्लाई ठप है। पशुपालक और चारा व्यवसायी डीटीओ के खिलाफ लागतार आंदोलन कर रहे हैं। इस बीच धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला परिवहन पदाधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गंभीर आरोप लगाते हुए डीटीओ का तबादला करने की मांग की है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि शमशेर आलम और कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र वर्मा ने इस सिलसिले में उपायुक्त से मिल मांग पत्र साैंपा। कांग्रेस के दोनों नेताओं ने कहा कि धनबाद डीटीओ पशु चारा वाहनों से ओवरहाइट लोडिंग के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। सभी पशु चारा गाड़ी से मंथली की डिमांड ( घूस) मांगने के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में उपायुक्त से मिलकर संबंधित मामलों की शिकायत की जाएगी। पशु गाड़ी के मजदूर, चालक, खलासी, कारोबारी एवं गाड़ी मालिकों का कहना है कि धनबाद डीटीओ जिले में अपनी मनमानी व हिटलरशाही चला रहे हैं। कोरोना जैसी आपदा में परिवार भुखमरी के कगार पर है, साथ साथ पशुओं को चारा उपलब्ध कराने में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद डीटीओ बेपरवाह है। इन विषयों के साथ साथ धनबाद डीटीओ ने लूट तंत्र की एक मिसाल कायम की है। पशु चारा वाहनों से वसूली के साथ फाइन भरने की धमकी भी दी जाती है।
जिला परिवहन कार्यालय में भी परिवहन से संबंधित कार्यों में संदिग्ध रूप से अपने चहेतों के जरिए सभी कार्यों में मोटी रकम की नाजायज वसूली खुलेआम की जा रही है। इन सभी मामलों को लेकर मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री से जिला में लूटतंत्र का चारागाह बनाने वाले डीटीओ को अविलंब हटाने की मांग की जाएगी। रविंद्र वर्मा ने कहा कि अविलम्ब डीटीओ का तबादला हो। इससे सरकार की बदनामी हो रही है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, परिवहन मंत्री चम्पई सोरेन, कृषि पशुपालन मंत्री बादल पत्रलेख को ट्विटर के माध्यम से की है।