आधार नंबर ने मिलाया मां से उसका खोया बेटा, दो साल बाद धनबाद में गले लगाकर छलके खुशी के आंसू
Dhanbad Child Reunion: धनबाद रेल पुलिस द्वारा दो साल पहले बचाए गए एक बच्चे को उसकी मां से मिलाया गया। ...और पढ़ें

Dhanbad CWC में बच्चे को लगे लगाते हुए मां। (एआइ फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। पति का साया सिर से छिन गया है। अकेली महिला को भरोसा ही नहीं था कि दो साल पहले खोया उसका कलेजे का टुकड़ा मिल जाएगा। वृंदावन (Vrindavan) से धनबाद पहुंची महिला ने जब अपने खोये बच्चे को गले से लगाया तो आंखों से खुशी से आंसू छलक उठे।
दो साल पहले 13 सितंबर को धनबाद रेल पुलिस ने एक छह-सात साल के बच्चे को चाइल्ड लाइन के हवाले किया था। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी-सीडब्ल्यूसी के निर्देश पर उसे शेल्टर होम भेजा गया था। काफी ढूंढ़ने पर भी उसके स्वजन के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी थी।
छानबीन के दौरान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का नाम आया था। मुरादाबाद में भी स्वजनों को ढूंढ़ने की कोशिश की गई, तो चला कि बच्चा गुम मुरादाबाद (Moradabad missing child) से हुआ। धनबाद सीडब्ल्यूसी ने बच्चे के आधार कार्ड का वेरिफिकेशन कराया, जिसमें उसकी मां का नंबर मिल गया।
मां से संपर्क करने पर पाया गया कि वह वृंदावन में वैष्णोदेवी मंदिर के पास रहती है। मंगलवार को वृंदावन से वह धनबाद सीडब्ल्यूसी पहुंची, जहां कागजी प्रक्रियाएं पूरी कर बच्चे को उन्हें सौंप दिया गया।
वृंदावन के पार्षद व सीडब्ल्यूसी से कराया आवासीय पता का सत्यापन
वृंदावन में रहने वाली महिला के पास आवासीय पता नहीं होने के कारण बच्चे को हैंडओवर में तकनीकी बाधा आ रही थी। धनबाद सीडब्ल्यूसी ने वृंदावन के पार्षद और स्थानीय सीडब्ल्यूसी की मदद से महिला के आवासीय पते का सत्यापन कराया।
सीडब्ल्यूसी प्रतिनिधियों ने कहा कि बच्चे के पिता नहीं हैं। ऐसे में उसे पुनर्वास समेत अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने की भी पहल होगी।
