Jharkhand Coronavirus News Update : टुंडी विधायक की 7वीं रिपोर्ट आई नेगेटिव, 28 दिनों बाद अस्पताल से मिली छुट्टी
Dhanbad Coronavirus News Update टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने आखिरकर कोरोना वायरस को मात दे दी। लगभग 28 दिनों के बाद मथुरा को TMH जमशेदपुर से छुट्टी दी गई है।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Coronavirus News Update टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने आखिरकर कोरोना वायरस को मात दे दी। लगभग 28 दिनों के बाद मथुरा महतो को टाटा जेनरल अस्पताल, जमशेदपुर (TMH) से छुट्टी दी गई है। गुरुवार को वह अस्पताल से अपने घर धनबाद आएंगे। इधर, विधायक के नेगेटिव आने के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
8 जुलाई को हुए थे संक्रमित : विधायक मथुरा प्रसाद महतो 8 जुलाई को कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। उसके बाद उन्हें धनबाद के सेंट्रल अस्पताल (कोविड-19) में भर्ती कराया गया था। लगभग 8 दिनों के बाद उनकी तबीयत खराब होने के बाद 15 जुलाई को जमशेदपुर रेफर किया गया। इसके बाद री सैंपल जांच की गई थी, जिसमें छह बार उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी। दो दिन पूर्व सातवीं बार उनकी जांच की गई। जिसमें उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई।
सीने में था संक्रमण : डॉक्टरों की माने तो विधायक मथुरा प्रसाद महतो के सीने में संक्रमण था। पहले उनका एक्स-रे सेंट्रल अस्पताल में किया गया था। लेकिन यह एक्स-रे गड़बड़ थी, ठीक से नहीं किया गया था। इसके बाद पीएमसीएच में सिटी स्कैन कराया गया था। इसमें सीने में संक्रमण का फैलाव बताया गया था। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें जमशेदपुर रेफर कर दिया गया था।