Dhanbad Coronavirus News: 24 घंटे में तीन संक्रमित महिलाओं की मौत, 53 कर्मियों की छंटनी के बाद बिगड़ी व्यवस्था
Dhanbad Coronavirus News पीएमसीएच के कोविड केयर सेंटर में भर्ती तीन संक्रमित महिलाओं ने दम तोड़ दिया। रविवार को शाम चार बजे बरमसिया की 49 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। इससे पहले सुबह में गिरिडीह निवासी 58 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Coronavirus News पीएमसीएच के कोविड केयर सेंटर में कर्मचारियों की छंटनी का असर दिखने लगा है। 24 घंटे के अंदर ही कोरोना संक्रमित तीन महिला मरीजों ने दम तोड़ दिया। वहीं, दो दिनों से अस्पताल में स्वाब संग्रह नहीं होने से कोविड केयर में मरीज हंगामा करने लगे हैं। रविवार को शाम चार बजे बरमसिया की 49 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। इससे पहले सुबह में गिरिडीह के चतरो निवासी 58 वर्षीय संक्रमित महिला की मौत हो गई।
वहीं, शनिवार को भी मैथन निवासी 49 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। इसी वक्त कर्मचारी छंटनी होने को लेकर विरोध शुरू किए थे। मृत सभी संक्रमित महिला तीन दिनों के अंदर ही कोविड केयर में भर्ती कराई गई थी। दूसरी ओर अस्पताल में भर्ती मरीजों का दो दिनों से दोबारा स्वाब संग्रह नहीं किया गया। इस कारण मरीजों ने भी हंगामा किया। शाम में मरीज वार्ड के पास आकर विरोध करने लगे। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने सभी को समझा बुझाकर किसी तरह से शांत कराया।
बता दें कि पीएमसीएच में कुल 92 आउटसोर्सिंग कर्मचारी कार्यरत थे। इसमें नर्स, वार्ड बाॅय, तकनीशियन शामिल हैं। शनिवार को इसमे से 23 को नौकरी से हटा दिया गया है। इससे चार दिन पूर्व 30 कर्मचारियों को हटाया गया था, जिसके कारण अब अस्पताल में मात्र 39 कर्मी ही बचे हैं। वार्ड में पहले जहां छह वार्ड बाॅय थे, अब इनकी संख्या दो रह गई है। कोविड केयर के 30 बेड वाले आइसीयू में 29 मरीज व 70 बेड वाले समान्य वार्ड में 60 मरीज भर्ती हैं। सबसे ज्यादा परेशानी आइसीयू के मरीजों को हो रही है। बताया जाता है कि आइसीयू में चार मरीज की स्थिति गंभीर है। उन्हें लगातार ऑक्सीजन के साथ अन्य दवाइयां दी जा रही है।
रात भर डटे रहे हटाए गए कर्मचारी: शनिवार को अचानक हटाए गए 23 आउटसोर्सिंग कर्मचारी कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। कर्मचारी रात भर अस्पताल के बाहर बैठे रहे। कर्मचारियों का कहना है अचानक नौकरी से हटाने के कारण सभी सड़क पर आ गए हैं। कई लोगों को भूखे मरने की नौबत आ जाएगी।
सोमवार को कर्मचारियों के मसले पर बैठक होगी। इसमें कोविड केयर के प्रभारी डॉ. यूके ओझा से मानव संसाधन को लेकर मंंतव्य लिया जाएगा। कर्मियों की कमी से थोड़ी परेशानी हुई है। हालांकि मरीजों की निगरानी लगातार हो रही है। -डाॅ. एके चौधरी, अधीक्षक, पीएमसीएच।