Dhanbad Corona News Update: धनबाद में 95 प्रतिशत हुई कोरोना की रिकवरी रेट, अब तक करीब 1.2 फीसद रहा मृत्यु दर
Dhanbad Corona News Update धनबाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण की कोशिश में लगा हुआ है। इसका परिणाम भी अब दिखने लगा है। धनबाद में कोरोना का रिकवरी रेट बढ़कर 95 फ़ीसदी हो गया है जो 15 दिन पूर्व 92 फीसद था।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Corona News Update धनबाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमण पर लगातार नियंत्रण की कोशिश में है। इसका परिणाम भी अब दिखने लगा है। धनबाद में कोरोना का रिकवरी रेट बढ़कर 95 फ़ीसदी हो गया है। यह 15 दिन पूर्व 92 फ़ीसदी के करीब था। यहां कोरोना से अब तक 6627 लोग संक्रमित हुए हैं, जब की ठीक होने वाले लोगों में 6296 संख्या हो गई है। हालांकि अभी दीवाली और छठ पर्व के बाद तक जिले के तमाम संवेदनशील संक्रमित इलाके और बाहर से आने वाले प्वाइंट्स पर जांच अभियान चलाता रहेगा।
कोरोना से मृत्यु दर 1.2 फ़ीसदी : धनबाद जिले में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बेहद कम है। यह करीब 1.2 फ़ीसदी है। कोरोना संक्रमण से अब तक 84 लोगों की जान गई है। हालांकि, जिला प्रशासन की माने तो इसमें से 46 ऐसे लोग हैं, जिनकी मौत सीधे कोरोना वायरस के कारण हुई है। बाकी मरीज सांस संबंधी रोग, हृदय रोग, हाई बीपी, शुगर, स्ट्रोक, कैंसर सहित अन्य बीमारी के कारण मरे हैं। हालांकि यह सभी कोरोना वायरस से संक्रमित थे। इस वजह से रिकवरी नहीं की जा सकी।
अब तक करीब चार लाख की हुई जांच : जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार संक्रमण को नियंत्रण करने की कोशिश में है। प्रशासन की मेहनत रंग ला रही है। अब तक रैपिड एंटीजन किट, ट्रूनेट और आरटी पीसीआर मिलाकर लगभग चार लाख लोगों की जांच की जा चुकी है।
कुल सक्रिय केसों की संख्या 250 से नीचे: जिले में कोरोना वायरस के कुल सक्रिय केस की संख्या 250 से भी कम हो गई है। अगस्त में यह संख्या 800 से ऊपर थी। हालांकि विभाग अभी लगातार धनबाद रेलवे स्टेशन, नेशनल हाईवे सहित अन्य जगहों पर जांच अभियान चला रहा है।