Dhanbad Corona News Update: 8 दिन में धनबाद रेलवे स्टेशन पर मिले 83 यात्री संक्रमित, विशेष अभियान के तहत हो रही जांच
Dhanbad Corona News Update जिले में कोरोना वायरस पर नियंत्रण को जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार कोशिश कर रहा है। त्योहार के मौसम में काफी संख्या में लोग अपने घर ट्रेन से आ रहे हैं। ऐसे में धनबाद रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
धनबाद, जेनएनएन। Dhanbad Corona News Update जिले में कोरोना वायरस पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार कोशिश कर रहा है। त्योहार के मौसम में काफी संख्या में लोग अपने घर ट्रेन से आ रहे हैं। ऐसे में धनबाद रेलवे स्टेशन (Dhanbad Railway Station) पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान मात्र आठ दिनों के अंदर 83 यात्रियों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है।
धनबाद रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले हर एक यात्रियों की जांच के बाद ही उसे गंतव्य के लिए जाने की अनुमति प्रदान की जा रही है। जिला प्रशासन की कोशिश है कि शहर में आने से पहले लोगों की कोरोना जांच जरूर हो। ताकि उस शहर को संक्रमण से बचाया जा सके। प्रशासन ने रेलवे स्टेशन पर 24 अक्टूबर से विशेष जांच अभियान शुरू किया है। सिविल सर्जन डॉ. गोपाल दास ने भी लोगों को सहयोग करने की अपील की है।
24 नवंबर तक विशेष जांच : जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का अभियान अभी 24 नवंबर तक चलेगा। आगे दीपावली छठ पूजा सहित आधा दर्जन से अधिक त्योहार हैं। इस वजह से 24 नवंबर तक काफी संख्या में लोग ट्रेन के माध्यम से अपने घर लौट रहे हैं।
रेलवे स्टेशन के चारों ओर घेराबंदी: ट्रेन से धनबाद स्टेशन पर उत वाले व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में जांच से मुक्ती की अनुमति नहीं है। यही वजह है कि लोग इधर उधर ना भागे इसके लिए पूरे स्टेशन पर घेराबंदी की गई है। बांस और बल्ली से स्टेशन परिसर को सील कर दिया गया है। हर जगह पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
रैपिड एंटीजन किट से हो रही जांच : स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम लगातार जांच कर रही है। यात्रियों की यहां रैपिड एंटीजन किट से जांच हो रही है। जिसका आधे घंटे में ही रिपोर्ट आ जा रही है। पॉजिटिव आने के बाद मरीज को अस्पताल भेजा जा रहा है। निगेटिव आने के बाद घर जाने की अनुमति दी जा रही है।
कब कितने मरीज कोरोना संक्रमित मिले :
- 25 अक्टूबर - 08 संक्रमित
- 26 अक्टूबर - 00 संक्रमित
- 27 अक्टूबर - 08 संक्रमित
- 28 अक्टूबर - 14 संक्रमित
- 29 अक्टूबर - 13 संक्रमित
- 30 अक्टूबर - 08 संक्रमित
- 31 अक्टूबर - 16 संक्रमित
- 01 नवंबर - 16 संक्रमित