Dhanbad Corona News Update : धनबाद में मिले 41 नए कोरोना पॉजिटिव, अब तक 24 लोगों ने गवाई जान
Dhanbad Corona News Update धनबाद जिले में रविवार को 41 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसमें से धनबाद शहर के 29 संक्रमित हैं। सरायढेला में एक साथ छह कोरोना मरीज मिले हैं।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Corona News Update धनबाद जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। रविवार को जिले में कुल 41 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसमें से धनबाद शहर के ही 29 संक्रमित है। सरायढेला में एक साथ छह कोरोना मरीज मिले हैं। जिला प्रशासन के मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, 09 अगस्त 2020 यानि रविवार को जिले में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 1310 है। इसमें एक्टिव केस की संख्या 271 है। वहीं, कोरोनावायरस की चपेट में आने से अब तक 24 लोगों ने अपनी जान गवाई है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक 1031 लोगों ने कोरोना को हराकर ठीक हुए हैं।
इससे पहले शनिवार को 62 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे। इसमें से धनबाद शहर के 38 मरीज शामिल थे। हालांकि शनिवार को 55 लोगों को कोरोना का हराकर स्वास्थ भी हुए। सभी को कोविड अस्पताल से डिस्चार्ज कर 14 दिनों के लिए होम क्वारंटाइन में भेज दिया गया। इससे पहले शुक्रवार को भी तीन डॉक्टर, दो स्वास्थ्य कर्मी समेत कुल 58 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे। पॉजिटिव डॉक्टरों में से दो पीएमसीएच के पीसीएम विभाग के हैं। इसमें एक महिला और एक पुरुष हैं। जबकि एक अन्य पॉजिटिव डॉक्टर निजी क्लीनिक में दमा एवं छाती रोग विशेषज्ञ हैं। दूसरी तरफ सदर अस्पताल की एक गर्भवती महिला कर्मचारी और पीएमसीएच का एक कर्मी पॉजिटिव पाया गया है। शुक्रवार को धनबाद शहर से ही सिर्फ 42 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे।