विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में बेखौफ कोयला चोर: स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर को पीटा, पत्नी को भी नहीं बख्शा

By Tapas Banerjee Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Sun, 05 Apr 2026 10:20 PM (IST)

Coal Thieves Assault Dhanbad Special Branch SI: धनबाद में कोयला चोरों ने स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार और ...और पढ़ें

घटना स्थल पर जांच करती पुलिस और जुटे लोग।

घटना स्थल पर जांच करती पुलिस और जुटे लोग।

HighLights

  1. धनबाद में कोयला चोरों ने पुलिस अधिकारी पर हमला किया।

  2. स्पेशल ब्रांच सब इंस्पेक्टर और पत्नी को बुरी तरह पीटा।

  3. कुस्तौर में कोल ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर हुई घटना।

संवाद सूत्र, जागरण, केंदुआ (धनबाद)। इन दिनों धनबाद में कोयला चोरों के मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। रविवार दोपहर कुस्तौर स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम (पुराना बालू गद्दा) के पास कोल ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर कोयला चोरों ने जिले के स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।

Kajal Kumari

सब इंस्पेक्टर को बचाने के दौरान कोयला चोरों ने उनकी पत्नी को भी नहीं छोड़ा। उनकी पत्नी काजल देवी के साथ भी मारपीट की गई। दोनों को इलाज के लिए केंदुआडीह थाना पुलिस ने एसएनएमएमसीएच भेजा। घटना लगभग साढ़े बारह बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार सिविल ड्रेस में स्कूटी से अपनी पत्नी के साथ कुस्तौर से झरिया जा रहे थे। इसी दौरान कुमार मंगलम स्टेडियम के समीप कोल ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर हाइवा को जबरन रोक कर सड़क जाम कर कोयला उतार रहे थे। इससे जाम लग गया था। 

कोयला चोरी के कारण सड़क जाम से परेशान सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने कोयला चोरों से रास्ता खाली करने को कहा। इसके बाद चोरों और अनुज के बीच बहस हो गई। इससे कोयला चोर नाराज हो गए। उन्होंने सब इंस्पेक्टर पर हमला कर लिया। कोयले के बड़े-बड़े टुकड़ों से प्रहार किया।

बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी काजल देवी के साथ भी मारपीट की गई। किसी तरह सब इंस्पेक्टर ने अपनी जान बचाकर केंदुआडीह थाना और स्पेशल ब्रांच के अधिकारियों को घटना की सूचना दी। हालांकि केंदुआडीह थाना प्रभारी ने बार-बार फोन करने पर भी काल रिसीव नहीं किया। 

सूचना मिलते ही स्पेशल ब्रांच के डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा, अनूप कुमार महतो सहित अन्य अधिकारी, केंदुआडीह थाना की पेट्रोलिंग टीम और सीआईएसएफ मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक हमलावर कोयला चोर फरार हो चुके थे।

इस संबंध में केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।