विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BCCL की बंद रामकनाली कोलियरी में अपराधियों का तांडव, कर्मियों को बंधक बनाकर केबल लूटा

Published: Thu, 10 Sep 2026 02:51 PM (IST)

Dhanbad News: रामकनाली कोलियरी की बंद खदान में अपराधियों ने तीन कर्मियों को बंधक बनाकर करीब ढाई सौ फीट कॉपर केबल लूटा, जिससे पिट वाटर की आपूर्ति ठप हो गई।

पंखा का राड तोड़कर कोलियरी के अंदर घुसे चोर। (फोटो जागरण)

पंखा का राड तोड़कर कोलियरी के अंदर घुसे चोर। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. रामकनाली कोलियरी की बंद खदान में केबल चोरी।

  2. अपराधियों ने तीन कर्मियों को बंधक बनाया था।

  3. केबल लूट से पिट वाटर आपूर्ति बाधित हुई।

जागरण संवाददाता, कतरास (धनबाद)। बीसीसीएल के कतरास क्षेत्र की रामकनाली कोलियरी की बंद भूमिगत तीन नंबर खदान में बुधवार की देर रात अपराधियों ने तीन कर्मियों को बंधक बनाकर करीब ढाई सौ फीट कॉपर केबल लूटकर चलते बने।

घटना की जानकारी मिलते ही कोलियरी के सहायक खान प्रबंधक रामनरेश कुमार, सीनियर ओवरमैन राजेश मंडल, रामकनाली ओपी की पुलिस सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

खदान के अंदर से करीब 10 पीलर काटे जाने की बात सामने आई है। केबल कटने से आसपास के इलाके में पिट वाटर की आपूर्ति ठप हो गई।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि रात करीब डेढ़ बजे अपराधियों का एक दल पंखा घर में लगे रॉड को क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश कर गया। वहीं तीन कर्मियों-संजय प्रसाद, माइनिंग सरदार, गार्ड सोमर मांझी और लटन दास-का कैपलैंप छीनकर उन्हें एक जगह बैठा दिया।

इसके बाद अपराधियों ने केबल काटना शुरू कर दिया। करीब ढाई सौ फीट केबल काटकर वे ले भागे। वहीं कैपलैंप को फेंक दिया और उसी रास्ते से होकर चलते बने।

भुक्तभोगी कर्मियों ने बताया कि करीब 15-20 की संख्या में अपराधी हाथों में लाठी-डंडा, रॉड, आरी और सब्बल लेकर पहुंचे थे। उन्होंने हमलोगों का कैपलैंप छीनकर एक जगह बैठा दिया। इसके बाद केबल काटना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे के बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

एसीएम रामनरेश कुमार ने बताया कि सुबोध बाउरी नामक स्थान गार्ड को ऊपर तैनात किया गया था। अपराधियों का दल पंखा घर के रास्ते घुसा और घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।