उदयीमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ सम्पन्न हुआ छठ महापर्व
छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन व्रती और श्रद्धालु अपने परिजनों के साथ बुधवार अल सुबह विभिन्न नदी, घाटों और तालाबों के किनारे पहुंचे।
धनबाद, जेएनएन। उदयीमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ बुधवार सुबह धनबाद कोयलांचल में महापर्व छठ संपन्न हो गया। व्रती महिलाओं ने उगते सूरज को अर्घ्य देकर छठ व्रत का पारण किया।
चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम चरण में बुधवार को धनबाद शहर के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भोर होते ही धीरे-धीरे उदय होते हुए सूरज की सुनहरी किरणें तालाब, पोखर, नदियों और डैम के घाटों पर पड़ी तो व्रतियों अर्घ्य देना शुरू किया। पौ फटने से पहले ही महिलाओं ने घाटों पर दीप जलाकर, सूप-दउरा लेकर अर्घ्य देना शुरू कर दिया। कमर तक पानी में डाला लेकर खड़ी व्रती महिलाओं ने उगते सूरज को अर्घ्य देकर छठ व्रत का पारण किया।
कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से शुरू हुआ छठ महापर्व सप्तमी तिथि में उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही बुधवार को संपन्न हो गया। छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन व्रती और श्रद्धालु अपने परिजनों के साथ बुधवार अल सुबह विभिन्न नदी, घाटों और तालाबों के किनारे पहुंचे। उन्होंने पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को व्रत का दूसरा अर्घ्य दिया। तालडांगा हाउसिंग कॉलोनी स्थित छठ तालाब के पास सूर्य देव छठी मैया की पूजा पंडाल का उद्घाटन भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य सह पूर्व मंत्री अपर्णा सेनगुप्ता ने किया। इस माैके पर उपेन्द्र नाथ पाठक,अनिल यादव, प्रवीण यादव, वरुण दे,मोहन शर्मा, राजन यादव आदि लोग मौजुद थे।