विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Deoghar Airport: 12 जुलाई को पीएम करेंगे उद्घाटन, कोलकाता, रांची और पटना के लिए शुरू होगी उड़ान

By Deepak Kumar PandeyEdited By:
Published: Thu, 30 Jun 2022 02:46 PM (IST)

Deoghar Airport इंतजार की घडि़यां समाप्‍त हो चुकी हैं। जुलाई महीने में ही झारखंड के दूसरे एयरपोर्ट देवघर से उड़ान ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर एम्‍स में 250 बेड तैयार रखे जाएंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर एम्‍स में 250 बेड तैयार रखे जाएंगे।

जागरण संवाददाता, देवघर: इंतजार की घडि़यां समाप्‍त हो चुकी हैं। जुलाई महीने में ही झारखंड के दूसरे एयरपोर्ट देवघर से उड़ान शुरू हो जाएगी। देश के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। उसके दो-तीन बाद ही यहां से व्‍यावसायिक विमानों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए झारखंड के नागर विमानन विभाग के सचिव राजीव बंसल, राज्‍य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, अध्यक्ष एयरपोर्ट अथॉरिटी के संजीव कुमार और झारखंड के डीजीपी नीरज सिन्हा ने गुरुवार को देवघर स्थित नवनिर्मित एयरपोर्ट का निरीक्षण करने के बाद आरक्षित लाउंज में एयरपोर्ट और एम्स के अधिकारियों संग बैठक की। इस दौरान प्रधानमंत्री के आगमन और उनके कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। कैसे आएंगे, किधर से निकलेंगे, यह भी तय हुआ। मुख्य सचिव ने एयरपोर्ट के अधिकारियों से कई बिंदुओं पर बातचीत की। इस दौरान एम्स के कार्यकारी निदेशक डाॅक्टर सौरभ वार्ष्णेय से भी बातचीत हुई। डॉक्‍टर वार्ष्‍णेय ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर एम्‍स में 250 बेड तैयार रखे जाएंगे।

एयरपोर्ट के निरीक्षण के लिए सभी अधिकारी रांची से हेलीकाॅप्टर से पहुंचे थे। यहां बैठक के बाद सभी ने बाबा बैद्यनाथ का दर्शन-पूजन किया और फिर देवघर काॅलेज परिसर का निरीक्षण किया। 12 जुलाई को एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद पीएम यहां एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।

देश के बेहतरीन एयरपोर्ट में से एक है यह

बैठक के बाद नागर विमानन सचिव राजीव बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री 12 जुलाई की दोपहर हवाई मार्ग से देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद वह सड़क मार्ग से बाबा बैद्यनाथ की पूजा करने जाएंगे। प्रधानमंत्री का सरकारी कार्यक्रम एयरपोर्ट पर ही होगा। वहीं देवघर काॅलेज में सभा होगी। इसी सिलसिले में एयरपोर्ट की तैयारी देखने आए थे। इस दौरान सचिव ने कहा कि यह देश के सबसे बेहतरीन एयरपोर्ट में से एक है। उन्‍होंने कहा कि देवघर एयरपोर्ट पर विश्‍व स्‍तरीय सुविधाएं विकसित की गई हैं। एयरपोर्ट के उद्घाटन के दो-तीन दिन के अंदर ही कोलकाता, पटना और रांची के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू हो जाएगी।

आज से बुकिंग संभव

12 जुलाई को देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद दो दिनों के अंदर यहां से विमान कोलकाता के लिए पहली उड़ान भरेगा। सुबह 10  बजकर 25 मिनट पर यहां से पहला जहाज रवाना होगा। इंडिगो एयरलाइंस ने इसकी तैयारी कर ली है। सुविधा यह भी कि दिल्ली, मुंबई, पुणे, हैदराबाद एवं चेन्नई के लिए देवघर से टिकट लिया जा सकेगा। बाकी जगहों के लिए कोलकाता से कनेक्टिंग फ्लाइट मिलेगी। कोलकाता में चेकआउट की समस्‍या नहीं रहेगी।

गुरुवार को कोलकाता के लिए टिकट का आरक्षण शुरू हो सकता है। यात्रा शुरू होने के बाद देवघर से फ्लाइट के कोलकाता पहुंचने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट से दिन 11:25 के बाद ही किसी दूसरी फ्लाइट से गंतव्य के लिए आगे बढ़ सकेंगे। इसके लिए इंडिगो की 180 सीटर फ्लाइट का दो बार ट्रायल हो चुका है। एयरपोर्ट अथाॅरिटी आफ इंडिया की कैलिब्रेशन फ्लाइट ने भी दो दिन पहले फाइनल ट्रायल कर लिया है।

22 जुलाई से दिल्ली व बेंगलुरु के लिए उड़ेंगे विमान

कोलकाता के लिए विमान सेवा शुरू होने के एक पखवाड़े के भीतर दिल्ली एवं बेंगलुरू के लिए लोग हवाई यात्रा कर सकेंगे। 22 जुलाई से देवघर से दिल्ली और बेंगलुरु के लिए उड़ान शुरू हो जाएगी। इंडिगो प्रबंधन के मुताबिक यही ट्रेंड है। जब भी किसी नए एयरपोर्ट से विमान सेवा आरंभ होती है तो एक साथ सभी स्थानों के लिए सेवा आरंभ नहीं की जाती है। 10 दिन बाद उड़ान का विस्तार किया जाता है। देवघर में इंडिगो का कार्यालय खुल चुका है। यहां सौ से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं।