Jharkhand : कांग्रेस कार्यालयों में मंदिर भूमि पूजन पर जलेगा दीप, राम राज्य स्थापित करने का लेंगे संकल्प
धनबाद कांग्रेस जिला कार्यालय में बुधवार की शाम 530 बजे दीप प्रज्वलित कर देश में राम राज्य स्थापित करने का संकल्प लिया जाएगा। साथ ही मिठाई भी बांटा जाएगा।
धनबाद, जेएनएन। कांग्रेस पार्टी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के प्रति अपनी पूर्ण आस्था रखती है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव के निर्देशानुसार, बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी हाउसिंग कॉलोनी स्थित कार्यालय में शाम 5:30 बजे दीप प्रज्वलित कर एवं मिठाई बांटकर देश में राम राज्य स्थापित करने का संकल्प लेगी। सभी प्रखंड एवं नगर अध्यक्षों को भी अपने-अपने कार्यालय एवं क्षेत्र में इस कार्यक्रम का आयोजन करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि कोरोना को लेकर इस दौरान शारीरिक दूरी का पूरी तरह से पालन होगा। मास्क लगाना सभी के लिए अनिवार्य होगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी पत्र में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के शासनकाल में अयोध्या में ताला खुलवाकर साधु-संतों ने शिलान्यास कर भूमि पूजन किया था। प्रदेश कार्यालय में डॉ.रामेश्वर उरांव और जिला कार्यालयों में जिलाध्यक्ष दीप प्रज्वलित करेंगे।