Ayodhya case Verdict पर फैसले की घड़ी, सुप्रीम सदभावना से स्वागत को तैयार कोयलांचल
Ayodhya case Verdict पर शनिवार को ऐतिहासिक फैसला आना है। इसे देखते हुए धनबाद समेत राज्य भर की पुलिस सतर्क हो गई है।
धनबाद, जेएनएन। Ayodhya case Verdict पर शनिवार को ऐतिहासिक फैसला आना है। इसे देखते हुए धनबाद समेत राज्य भर की पुलिस सतर्क हो गई है। राज्य भर में हाई अलर्ट जारी हुआ है। पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देश पर जिला पुलिस शहर के सभी चौक चौराहे पर सुरक्षा बलों को तैनात कर रही है। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
शुक्रवार की देर रात पुलिस के सीनियर पदाधिकारी बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी किया। जिला भर में 17 जगहों को अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। जहां रात से ही पुलिस प्रशासन का पुख्ता इंतजाम कर दिया है। सभी जगहों पर दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। शुक्रवार की रात से ही सभी इलाकों में पेट्रोलिंग टीम को लगाया गया है।
जिला पुलिस के साथ दस कंपनी से अधिक शस्त्र जवान भी ड्यूटी पर लगाए जा रहे हैं। प्रमुख स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर किसी तरह की अफवाह फैलाने और संप्रदायिक तनाव, धार्मिक उन्माद या विधि व्यवस्था बिगड़ने वाले पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
फैसले का सम्मान करें और सामाजिक सद्भाव बनाए रखें
धनबाद के उपायुक्त अमित कुमार ने कहा कि अयोध्या मामले पर शनिवार को सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आएगा। जनता को न्यायालय के फैसले का सम्मान करना चाहिए और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना चाहिए। भड़काऊ पोस्ट करनेवालों पर कार्रवाई होगी। सुरक्षा को लेकर जिला भर में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए 17 संभावित ठिकानों पर दंडाधिकारी के साथ रात से ही भारी मात्र में सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। जो चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए रखेंगे।
लोग एक-दूसरे की भावनाओं की कद्र करें
मस्जिद-ए- आयशा, वासेपुर के इमाम मौलाना मुबारक हुसैन ने कहा कि वर्षो बाद अयोध्या पर सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने वाला है। देश के साथ पूरी दुनिया की नजर इस पर है। ऐसे में हम सभी को धैर्य से काम लेना है। आपसी भाईचारे को बनाए रखें। समाज के लोग एक-दूसरे की भावनाओं की कद्र करें और सामाजिक सद्भाव बनाएं रखें। फैसला जो भी आए उसका सम्मान होना चाहिए। समाज में द्वेष नहीं हो, यह जरूरी है। किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं दें। सभी लोग मिलजुल कर रहें।