हत्या के बाद शव को एना के पास झाड़ी में फेंका, पत्थर से कुचला हुआ था अज्ञात का सिर Dhanbad News
एना फायर प्रोजेक्ट की झाड़ी में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। अपराधियों ने व्यक्ति के सिर पर पत्थर से वार कर कुचल दिया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
धनबाद, जेएनएन। झरिया थाना क्षेत्र के एना फायर प्रोजेक्ट की झाड़ी में गुरुवार को एक व्यक्ति (करीब 40 साल) का शव मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। व्यक्ति का सिर पत्थर से कुचला हुआ था। स्थानीय लोगों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकार शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। अपराधियों ने व्यक्ति के चेहरे को पत्थर से मारकर कुचल दिया था, ताकि उसकी पहचान नहीं हो सके।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह एक सुनियोजित हत्या है। क्रूरता से युवक की हत्या की गई है। हत्या करने के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया है। बताते हैं कि गुरुवार की सुबह कुछ बच्चे इस क्षेत्र में पतंग लूट रहे थे। तभी उनकी नजर शव पर पड़ी। इसके बाद बच्चों ने शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एना प्रोजेक्ट के पास काफी झाड़ी है। व्यक्ति की हत्या कर शव छुपाने के लिए ही यहां फेंक दिया गया। इसके पूर्व भी क्षेत्र में अज्ञात लाश बरामद किया जा चुका है। भाजयुमो के जिला मीडिया प्रभारी बप्पी बाउरी ने पुलिस से शव की शिनाख्त कर हत्यारे को गिरफ्तार करने की मांग की है।
एना झाड़ी के पास पुलिस ने शव बरामद किया है। पुलिस छानबीन में लगी है। अज्ञात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस हत्यारे की गिरफ्तारी में लगी है।
-सरोज कुमार सिह, पुलिस अधिकारी, झरिया थाना।